Action : शराब दुकान और गैराज पर चला प्रशासन का बुलडोजर, अतिक्रमणकारियों में हड़कंप, पार्षद ने की थी मांग
▪️ सोनू सोनी, सारनी
बैतूल जिले के सारनी नगर के वार्ड क्रमांक 10 में अतिक्रमण कर शराब दुकान चलाई जा रहा थी। यह अतिक्रमण मंगलवार को राजस्व अमले ने शाम 5 बजे सारनी पहुंचकर हटाया। वहीं स्तंभ चौक पर एक पंक्चर की दुकान का भी अतिक्रमण तहस-नहस किया। इस कार्रवाई से क्षेत्र के अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया है।
उल्लेखनीय हैं कि वार्ड क्रमांक 10 की पार्षद शिवकली नर्रे के नेतृत्व में लोगों ने थाना प्रभारी को एक शिकायत देकर वार्ड से शराब दुकान हटाने की मांग की थी। इसके अलावा मध्यप्रदेश पॉवर जनरेटिंग कंपनी के मुख्य अभियंता, कलेक्टर, आबकारी विभाग और विधायक को भी शिकायत की थी। जिसके चलते सतपुड़ा ताप विद्युत गृह के सिविल विभाग ने अतिक्रमण कर संचालित हो रही शराब दुकान का नाप जोख कर रिपोर्ट कंपनी को प्रेषित की थी। इसके बाद अतिक्रमण से संबंधित कागजी कार्रवाई कर राजस्व विभाग को सौंपी गई।
इसके मद्देनजर मंगलवार को तहसीलदार अशोक डेहरिया, नायब तहसीलदार वीरेंद्र उइके, मध्य प्रदेश पॉवर जनरेटिंग कंपनी के सुरक्षा विभाग के अधिकारी वीके कनौजिया, राज्य औद्योगिक सुरक्षा बल के जवानों के अलावा पुलिस विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर शराब दुकान और पंक्चर की दुकान का अतिक्रमण हटाया। पावर प्लांट के मुख्य अभियंता आरके गुप्ता ने कहा कि शराब दुकान के अतिक्रमण की शिकायत मिली थी। इस वजह से हटवाया है। इसके अलावा अन्य अतिक्रमण को भी हटाने की कार्रवाई आगामी दिनों में होगी।
उल्लेखनीय है कि मध्य प्रदेश पॉवर जनरेटिंग कंपनी की जमीन पर शहर की आधी आबादी ने अतिक्रमण कर रखा है। एक अनुमान के हिसाब से 400 से 500 एकड़ जमीन पर अतिक्रमण कर लोगों ने आलीशान दुकान और मकान बना लिए हैं और व्यवसायिक उपयोग कर रहे हैं। इन अतिक्रमण को हटाना पॉवर प्लांट के लिए चुनौती साबित होगा।
मध्य प्रदेश पॉवर जनरेटिंग कंपनी की भूमि पर अवैध अतिक्रमण करके शराब दुकान का संचालन किया जा रहा था। शिकायत मिलने पर इसे हटाने की कार्रवाई की गई है।
अशोक डेहरिया
तहसीलदार, घोड़ाडोंगरी



