Action : दो बीएमओ पर होगी अनुशासनात्मक कार्यवाही, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं पर भी गिरेगी गाज

बैतूल कलेक्टर (Collector) अमनबीर सिंह बैंस ने गत दिवस आयोजित जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में जिले में स्वास्थ्य कार्यक्रमों (health programs) की स्थिति संतोषजनक नहीं पाए जाने पर स्वास्थ्य कार्यक्रमों में अपेक्षित गति लाने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर के संज्ञान में यह बात आई है कि आंगनबाड़ी एवं स्कूलों में बच्चों की कम उपस्थिति के चलते राष्ट्रीय बाल सुरक्षा कार्यक्रम (National Child Protection Program) की टीम द्वारा दिव्यांग एवं कमजोर बच्चों का चिन्हांकन समय नहीं हो पा रहा। यह स्थिति अत्यंत चिंताजनक है।
इस तथ्य को लेकर उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के विरूद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। साथ ही कहा है कि ऐसे बच्चों के चिन्हांकन में सक्रियता लाई जाएं। बैठक में कलेक्टर ने संस्थागत प्रसव एवं बच्चों में टीकाकरण में कमी की स्थिति पर अप्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने इस संबंध में खंड चिकित्सा अधिकारी सेहरा एवं शहरी क्षेत्र बैतूल के प्रभारी अधिकारी के विरूद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई के भी निर्देश दिए।
बैठक में जिले में लगभग दस हजार खातों में समग्र आईडी अद्यतन न होने के कारण कतिपय हितग्राही प्रसूति सहायता योजना के लाभ से वंचित होने की स्थिति पाए जाने पर कलेक्टर ने समस्त खंड चिकित्सा अधिकारियों को संबंधित सीईओ जनपद पंचायत एवं सीएमओ से समन्वय स्थापित कर अगले दस दिनों में बैंक खाते से समग्र आईडी अद्यतन करने का विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए।
कलेक्टर के संज्ञान में यह बात भी आई कि भीमपुर विकासखंड के 12 उप स्वास्थ्य केन्द्रों के अंतर्गत जागरूकता की कमी होने के कारण संस्थागत प्रसव नहीं हो रहे हैं। जिसके चलते मातृ-शिशु मृत्यु दर में कमी नहीं आ रही है। उन्होंने कहा कि सीएमएचओ एक विशेष टीम गठित करें, जिसमें स्त्री रोग विशेषज्ञ, शिशु रोग विशेषज्ञ, मनोवैज्ञानिक एवं विशेषज्ञ चिकित्सक शामिल हों एवं इन क्षेत्रांतर्गत संस्थागत प्रसव के लिए जागरूकता अभियान चलाया जाए।
FIR : मासोद में साइकिल दुकान से बेचा जा रहा था पेट्रोल, पुलिस ने किया जब्त, मामला दर्ज
बैठक में गर्भाधान उपरांत आंगनबाड़ी कार्यकर्ता द्वारा की जाने वाली निर्धारित चार जांचों में एएनसी (प्रसव पूर्व जांच) कई स्थानों पर चौथी जांच नहीं होने की स्थिति पाए जाने पर कलेक्टर ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित किए जाने एवं सभी गांवों में जांचों से संबंधित रजिस्टर अनिवार्य रूप से संधारित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में सीईओ जिला पंचायत अभिलाष मिश्रा एवं सीएमएचओ डॉ. एके तिवारी सहित स्वास्थ्य विभाग के मैदानी अधिकारी-कर्मचारी मौजूद थे।



