Accident Update : हादसे में मौत का शिकार हुए लोगों की हुई पहचान, पुणे और मीरापुर के हैं निवासी
◾ उत्तम मालवीय, बैतूल
बैतूल-नागपुर नेशनल पर बैतूल जिले के साईंखेड़ा थाना क्षेत्र में गुरुवार दोपहर में हुए सड़क हादसे में मरने वालों की शिनाख्त हो गई है। कार में सवार पति-पत्नी पुणे के रहने वाले हैं जबकि बाइक चालक जिले के मीरापुर गांव का है। हादसे में घायल व्यक्ति कार चालक है जो कि भोपाल का है।
उल्लेखनीय है कि गुरुवार दोपहर 2.30 बजे पंखा और ससुंद्रा गांव के बीच रांग साइड से अंधी रफ्तार से आ रहे कंटेनर ने बाइक और कार को टक्कर मार दी थी। इससे 3 लोगों की मौत हो गई। हादसे के काफी देर बाद इनकी शिनाख्त करने में पुलिस को सफलता मिली है।
आमला टीआई संतोष पंद्रे ने बताया मृतकों में कार में सवार पुणे निवासी गोपाल अनमोलवार और उनकी पत्नी राजलक्ष्मी अनमोलवार शामिल हैं। संभवत: वे नागपुर से ट्रेन या फ्लाइट पकड़ने के लिए भोपाल से नागपुर तक जा रहे थे। वहीं बाइक सवार साईंखेड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम मीरापुर का निवासी भीमराव राजुरकर है। भोपाल निवासी चालक देवेंद्र परमार बुरी तरह से घायल है। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कार को कटर से काटकर निकाले शव
कार में सवार दंपती के शव कार में बुरी तरह से फंस गए थे। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार के क्षतिग्रस्त हिस्सों को कटर से काटा। इसके बाद शव निकाले जा सके। उल्लेखनीय है कि टक्कर मारने के बाद कंटेनर भी बगल के खेत में जाकर एक पेड़ से टकरा गया था।



