Betul News : बारिश में जल संकट, आक्रोशित ग्रामीणों ने किया चक्काजाम, एक घंटा लगी रही वाहनों की कतार
Water crisis in rain, angry villagers blocked the road, queue of vehicles remained for an hour

बैतूल। सेहरा के ग्रामीणों ने पेयजल की समस्या को लेकर शनिवार सुबह बैतूल-आठनेर मार्ग सेहरा जोड़ पर चक्काजाम कर दिया। चक्काजाम की सूचना मिलते ही एसडीएम बैतूल अभिषेक चौरसिया मौके पर पहुंचे और तहसीलदार अतुल श्रीवास्तव मौके पर पहुंचे। जिन्होंने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि जल्द ही उनके समस्या का समाधान किया जाएगा। आश्वासन के बाद धरना प्रदर्शन खत्म हुआ
ग्राम सेहरा में जल संकट की समस्या बनी हुई है। कई बार शिकायत की, लेकिन जल संकट की समस्या का समाधान नहीं हो पाया। ग्रामीणोंं को पीने के पानी के लिए कुएं और हैण्डपंप पर निर्भर रहना पड़ता है। पानी की किल्लत से जूझ रहे ग्रामीणों ने शनिवार सुबह 10.30 बजे बैतूल-आठनेर मार्ग सेहरा जोड़ पर चक्काजाम कर दिया। चक्काजाम की सूचना मिलने पर मोर्चा संभालने के लिए बैतूलबाजार पुलिस मौके पर पहुंच गई। ग्रामीण मुख्य सड़क पर बैठकर नारेबाजी करते रहे। चक्काजाम के कारण वाहनों की भी कतार लग गई। पुलिसकर्मियों ने ग्रामीणों को समझाईश देकर चक्काजाम खत्म करने के लिए कहा, लेकिन ग्रामीण अधिकारियों के मौके पर पहुंचकर समस्या का समाधान करने की बात को लेकर अड़े रहे। चक्काजाम की सूचना एसडीएम को दी गई। एसडीएम ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को समझाईश दी और समस्या का निराकरण करने का आश्वासन दिया। 11.30 बजे यानी लगभग एक घंटे तक सड़क पर चक्काजाम रहा। इसके बाद चक्काजाम खत्म किया गया।
- यह भी पढ़ें : Success Story Of Gaurav Kaushal : पहले छोड़ा IIT, फिर IAS की कुर्सी को भी किया बाय बाय, अब ये काम कर रहा ये धुरंधर…
एसडीएम ने किया निरीक्षण
ग्रामीणों को एसडीएम अभिषेक चौरसिया ने आश्वासन दिया कि वे तत्काल पानी की समस्या को लेकर ग्रामीणों के साथ जाकर व्यवस्था देखेंगे। एसडीएम ने ग्रामीणों के साथ जाकर गांव में निरीक्षण किया और देखा गया कि पानी की समस्या का समाधान करने के लिए बेहतर क्या व्यवस्था बन सकती है। ग्रामीणों ने निरीक्षण के दौरान एसडीएम को बताया कि ग्राम पंचायत में भारी भ्रष्टाचार हुआ है, अभी तक पीने के पानी की व्यवस्था नहीं हो पाई। पंचायत में भ्रष्टाचार नहीं होता तो अब तक गांव में पानी की किल्लत दूर हो जाती। एसडीएम ने कहा कि पीएचई विभाग के अधिकारियों और ग्राम पंचायत सचिव से वे बात कर गांव में पानी की व्यवस्था करेेंगे और पानी की समस्या का निराकरण किया जाएगा। ग्रामीणों ने कहा कि आश्वासन के बाद चक्काजाम खत्म कर दिया है। अगर कुछ दिनों के भीतर व्यवस्था नहीं बनती है तो फिर से चक्काजाम किया जाएगा।



