बैतूल अपडेट

Betul News: शाहपुर क्षेत्र में एक और महिला की हत्या, पांच दिन से लापता युवक का नदी में मिला शव, हत्या का संदेह

Betul News: Another woman murdered in Shahpur area, dead body of missing youth found in river for five days, suspicion of murder

Betul News: शाहपुर क्षेत्र में एक और महिला की हत्या, पांच दिन से लापता युवक का नदी में मिला शव, हत्या का संदेहBetul News: (बैतूल)। जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र में एक और महिला की हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। यहां के ग्राम ठप्पा में रविवार की रात को महिला पर अज्ञात लोगों ने प्राणघातक हमला कर दिया। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं बीजादेही थाना क्षेत्र में पांच दिन पहले मंदिर जाने के लिए निकले युवक की नदी में लाश मिली है। युवक की हत्या की आशंका व्यक्त की जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक शाहपुर थाना क्षेत्र के ग्राम ठप्पा निवासी पार्वती पत्नी प्रेम इरपाचे (50) पर रविवार की रात अज्ञात आरोपी ने जानलेवा हमला कर दिया। महिला खेत के मकान में रहती थी। मकान के पास ही एक छोटा सा झोपड़ा बना है, जिसमें महिला लहूलुहान हालत में पड़ी मिली थी। पुलिस को मौके पर एक लोहे का खलबत्ता मिला है। पुलिस का मानना है कि अज्ञात आरोपियों ने महिला पर खलबत्ते से हमला किया है।

महिला का पति काम के सिलसिले में इटारसी गया था। वह देर रात तक वापस घर लौटा तो पत्नी घर पर नहीं मिली। बेटा घर पर अकेला सोया था। जब प्रेम ने अपनी पत्नी को आवाज लगाई तो खेत के ही पास बने झोपड़े में कराहने की आवाज आई। वैसे ही पति तत्काल पहुंचा तो पत्नी लहुलूहान हालत में बेहोश पड़ी थी। तत्काल उसे उपचार के लिए शाहपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भर्ती किया गया। हालत गंभीर होने पर यहां से जिला अस्पताल भर्ती किया, जहां सोमवार सुबह उपचार के दौरान महिला की मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर मृतिका का पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने अज्ञात हमलावरों पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।

Betul News: शाहपुर क्षेत्र में एक और महिला की हत्या, पांच दिन से लापता युवक का नदी में मिला शव, हत्या का संदेहमंदिर जाने को निकले युवक की नदी में लाश मिली

बीजादेही थाना क्षेत्र के कुरस गांव का 35 वर्षीय युवक हरिराम अखंडे पिछले पांच दिन से गायब था। वह घर से मंदिर जाने का बोलकर निकला था। उसके बाद से घर नहीं लौटा था। रविवार को उसकी लाश नदी में डूबी हालत में मिली। जिसे बरामद कर पीएम के लिए शाहपुर लाया गया।

पुलिस के मुताबिक युवक हरिराम कुरसना का रहने वाला था। वह हर मंगलवार शाम टांडा जोड़ पर मंदिर जाता था। 5 दिन पहले भी वह शाम को मंदिर जाने के लिए अपनी बाइक से निकला था। तब से वह घर नहीं लौटा था। रविवार के दिन दोपहर बालाडोंगरी में भाजी नदी मैं उसका शव दिखाई पड़ने के बाद पुलिस ने लाश को नदी से निकाल कर आज पीएम के लिए शाहपुर भेजा है। हरिराम की बाइक मौके से एक किलोमीटर दूर एक झाड़ी में पड़ी पाई गई है। इस बाइक का अधिकांश सामान गायब है। उसकी पेट्रोल की टंकी, बैटरी वगैरह सब निकाल ली गई है। यह घटनास्थल मृतक के घर से करीब चार से पांच किलोमीटर दूर है।

पीएम रिपोर्ट मिलने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि उसकी हत्या की गई है या वह कोई दुर्घटना का शिकार हुआ है। पुलिस इस मामले में सीडीआर निकाल कर कॉल डिटेल भी खंगाल रही है। प्रारंभिक तौर पर हरिराम की हत्या की आशंका जताई जा रही है। हालांकि जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Related Articles

Back to top button