Action of Lokayukta : सीएमएचओ के लिए 40 हजार की रिश्वत लेते लैब टेक्नीशियन को लोकायुक्त ने रंगे हाथों पकड़ा
Action of Lokayukta: Lokayukta caught red handed lab technician taking bribe of 40 thousand for CMHO

Action of Lokayukta : (बैतूल)। स्वास्थ्य विभाग के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) के लिए 40 हजार रुपए की रिश्वत की अंतिम किस्त लेते हुए लोकायुक्त भोपाल की टीम ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शाहपुर में पदस्थ एक लैब टेक्नीशियन को रंगे हाथों पकड़ा है। भौंरा के एक चिकित्सक के क्लिनिक के रजिस्ट्रेशन दस्तावेज में उनके भतीजे का नाम भी शामिल करने के एवज में यह रिश्वत मांगी गई थी।
लोकायुक्त टीम भोपाल के निरीक्षक मनोज पटवा ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि आवेदक डॉ. महेश कुमार पाटनकर निवासी भौंरा जिला बैतूल के द्वारा पुलिस अधीक्षक लोकायुक्त भोपाल को दिनांक 28 जुलाई 2023 को लिखित शिकायत की गई थी कि उनका क्लीनिक भौंरा कस्बे में है। जिला बैतूल के सीएमएचओ डॉ. सुरेश बौद्ध जाटव के द्वारा क्लीनिक का निरीक्षण करने पर क्लीनिक के रजिस्ट्रेशन में आवेदक के भतीजे डॉ. सागर पाटनकर का नाम शामिल करने के एवज में 1.5 लाख रुपए की रिश्वत की मांग की गई थी।
इसमें से 50 हजार रुपए पूर्व में सीएमएचओ ने किसी मालवीय लिपिक के जरिए डॉ. पाटनकर से प्राप्त कर लिए थे। इसके बाद आवेदक के अनुरोध पर शेष रहे 1 लाख रुपए से कम करके 50 हजार रुपए लेने को अनावेदक राजी हुआ। जिसमें से 10 हजार रुपए 03 अगस्त को आवेदक के भतीजे डॉ. सागर से सीएमएचओ ऑफिस बैतूल में सीएमएचओ डॉ. जाटव ने प्राप्त कर लिए थे। शेष 40 हजार रुपए शाहपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थ लैब सहायक राधा गोविंद शुक्ला को देने का बोला था।
इस पूरे प्रकरण पर आवेदक की शिकायत का सत्यापन किया गया जो सही पाई गई। इसके पश्चात आज गुरुवार को लगभग 3 बजे अपरान्ह पुलिस अधीक्षक लोकायुक्त भोपाल के निर्देशन में 12 सदस्यीय ट्रैप दल द्वारा शाहपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थ लैब सहायक राधा गोविंद शुक्ला को आवेदक के भतीजे डॉ. सागर पाटनकर से 40 हजार रुपए रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया।
लोकायुक्त टीम द्वारा मुख्य आरोपी सीएमएचओ बैतूल डॉ. सुरेश बौद्ध जाटव को बनाया गया है। इसके अलावा लैब टेक्नीशियन राधा गोविंद शुक्ला और लिपिक मालवीय की भूमिका की भी जांच की जा रही है। प्रकरण में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध कर कार्यवाही की जा रही है। निरीक्षक पटवा ने बताया कि शाहपुर में कार्यवाही पूर्ण कर टीम बैतूल जाएगी और वहां भी कार्यवाही करेगी।




