Accident News : पंचायत सचिव और वाहन चालक की मौत, सीएम के कार्यक्रम में जाते समय हुए हादसे का शिकार
Accident News: Death of Panchayat secretary and driver, victim of accident while going to CM's program

• अंकित सूर्यवंशी, आमला
Accident News : बैतूल जिले की आमला जनपद पंचायत की ग्राम पंचायतों के सचिव सीएम शिवराज सिंह चौहान के सचिव सम्मेलन में शामिल होने जा रहे थे। इस बीच रास्ते में सचिवों को ले जा रहा वाहन हादसे का शिकार हो गया। इसमें एक पंचायत सचिव और वाहन चालक की मौत हो गई। साथ ही 4 सचिव घायल हो गए। उनका इलाज चल रहा है।
जानकारी के मुताबिक आमला ब्लॉक से लगभग 4 से 5 चौपहिया वाहन से ब्लाक के सचिव सीएम के सम्मेलन में शामिल होने जा रहे थे। यह वाहन सुबह करीब 11 बजे आमला से भोपाल के लिए रवाना हुए थे। इस बीच सचिवों का एक वाहन क्रमांक एमपी-04/एमएच-2222 दुर्घटनाग्रस्त हो गया। यह हादसा सलकनपुर के पास दोपहर करीब 3 से 4 बजे के बीच हुआ।

इसमें सामने से आ रही बस से सचिवों के वाहन की जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में वाहन चालक दिनेश मोड़क निवासी लालावाड़ी एवं सचिव चिंदू खातरकर की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि सचिव सुरेंद्र पहाड़े, खुश्याल कसरादे, संतोष मालवी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं जिनका उपचार होशंगाबाद अस्पताल में जारी है। वहीं सचिव सुमेर सिंह एवं अन्य सचिवों को चोट आई है जिनका उपचार भी जारी है।



