Betul Accident News: हाईवे पर बड़ा हादसा, ट्रक से कुचल कर बाइक सवार की मौत, पत्नी, दो बेटे और भतीजी घायल
Betul Accident News: Accident on the highway, bike rider died after being crushed by a truck; Wife, two sons and niece injured
Betul Accident News: (बैतूल)। भोपाल–नागपुर नेशनल हाईवे पर शनिवार को बैतूल जिले में बड़ा हादसा हो गया। पहले ट्रक ने बाइक को टक्कर मारी। इससे बाइक सवार सड़क पर गिर पड़े। इसके बाद ट्रक ने बाइक चालक को रौंद डाला। जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हादसे में मृतक की पत्नी, दो बेटों और भतीजी को गंभीर चोट आई है। चारों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह सभी ग्राम झीटापाटी के समीप देव पूजा करके बाइक से लौट रहे थे। मृतक का जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया गया है। वहीं घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम झीटापाटी निवासी किशोरी पिता मन्नू उइके उम्र 30 वर्ष अपनी पत्नी गीता उइके उम्र 26 वर्ष, बेटे आयुष उइके उम्र 5 वर्ष और अयान उइके उम्र 3 वर्ष एवं भतीजी सोनाली उइके उम्र 4 वर्ष को बाइक से लेकर शनिवार सुबह रायसेडा देव पूजा करने गया था। पूजा करने के बाद यह सभी वापस अपने घर आ रहे थे।
इसी बीच झीटापाटी के पास स्थित बैतूल-नागपुर फोरलेन पर अंधी रफ्तार से दौड़ रहे ट्रक ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। जिससे बाइक चालक किशोरी पिता मन्नू उइके उम्र 30 वर्ष उछलकर सड़क पर गिर गया। उसके ऊपर से ट्रक का पहिया चला गया। हादसे में मौके पर ही उसकी मौत हो गई। वहीं तीन बच्चे और एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना पर 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को जिला अस्पताल लाकर भर्ती कराया गया है। मृतक का जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस घटना की जांच कर रही है।



