बैतूल अपडेट

Betul Crime News: अधिक रेट पर अनाज खरीद कर बिना पैसे दिए हो जाते थे चंपत, लाखों की लगाई चपत, दमोह से दो गिरफ्तार

Betul Crime News: By buying grains at a higher rate, they used to become champat without paying, lakhs were slapped, two arrested from Damoh

Betul Crime News: अधिक रेट पर अनाज खरीद कर बिना पैसे दिए हो जाते थे चंपत, लाखों की लगाई चपत, दमोह से दो गिरफ्तार

Betul Crime News: बैतूल (Betul Update)। शातिर ठग लोगों को ठगने के लिए नए-नए तरीके इजाद कर ही लेते हैं। करीब एक साल पहले बैतूल जिले के आमला के ग्रामीण अंचलों में दो ठगों ने अनाज व्यापारी बन कर किसानों से अधिक रेट पर मक्का की थोक में खरीदी कर ली। इसके बाद बिना उनका भुगतान किए चंपत हो गए। आरोपियों ने 15 से 20 किसानों को 10 से 12 लाख का चूना इस तरह लगाया। शिकायत पर पुलिस ने दमोह जिले के हटा से 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

बुधवार को पुलिस कंट्रोल रूम में एसपी सिमाला प्रसाद ने प्रकरण की जानकारी देते हुए बताया कि 19 फरवरी 2022 को फरियादी सज्जनसिंह पिता प्रेमसिंह सावनेर निवासी सेमरिया जोशी ने इस आशय की रिपोर्ट लिखवाई कि दो अज्ञात व्यक्तियों द्वारा ग्राम सेमरिया जोशी और उमरिया में 26-27 नवम्बर को आकर किसानों को अधिक रेट पर मक्का खरीदने का लालच देकर करीबन छ: लाख रूपये की मक्का की खरीदारी सात किसानों से की।

आरोपियों ने किसानों से कहा था कि पेमेंट दूसरे दिन करेंगे और मक्का लेकर चले गये। दूसरे दिन 28 नवम्बर को जब किसानों ने फोन लगाया तो फोन स्विच आफ आने लगा। शाम तक इंतजार करने के बाद भी जब व्यापारी किसानों का भुगतान करने नहीं आये तो किसानों को चिंता हुई। उन्होंने जब व्यापारियों की जानकारी ली तो उनका कोई पता नहीं चला। व्यापारियों का कोई पता नहीं चलने पर फरियादी की रिपोर्ट पर पुलिस थाना आमला में धारा 420, 406, 34 भादंवि का अपराध प्रकरण कायम कर विवेचना में लिया गया।

Betul Crime News: अधिक रेट पर अनाज खरीद कर बिना पैसे दिए हो जाते थे चंपत, लाखों की लगाई चपत, दमोह से दो गिरफ्तार

पुलिस अधीक्षक द्वारा किसानों से हुई धोखाधड़ी को गंभीरतापूर्वक दृष्टिगत रखते हुये अज्ञात दोनों आरोपियों की शीघ्र पतासाजी कर गिरफ्तार करने के निर्देश दिये गये। इस पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीरज सोनी के निर्देशन में एसडीओपी मुलताई सुश्री नम्रता सोंधिया के द्वारा पुलिस थाना आमला की टीम को अज्ञात आरोपियों की पतासाजी में लगाया गया। पुलिस टीम द्वारा लगातार अलग-अलग स्थानों पर जाकर तकनीकि साक्ष्य एकत्र किये गये।

विवेचना के दौरान यह बात सामने आई कि आरोपियों ने आमला क्षेत्र के 15 से 20 किसानों को झांसा देकर उनसे 10 से 12 लाख रुपये की मक्का इस तरह लेकर और बिना भुगतान किए चले गए हैं। पुलिस द्वारा प्राप्त जानकारी के आधार पर सभी स्थानों संभावित अहमदनगर (महाराष्ट्र), थाणे (मुम्बई) तथा जिला सिवनी, जिला सागर एवं जिला दमोह जाकर आरोपियों की पतासाजी की गई तथा साक्ष्य एकत्र किये गये।

पतासाजी के दौरान सूचना मिली कि बाहर के दो व्यक्ति ग्राम हटा जिला दमोह में गल्ला व्यापारी बनकर क्षेत्र में घूम फिर कर किसानों से सम्पर्क कर रहे हैं। उक्त सूचना पर पुलिस टीम द्वारा ग्राम हटा जिला दमोह जाकर कैम्प किया गया तथा लगातार तीन दिन तक पतासाजी की गई। आरोपियों का नाम पता व फोटो उपलब्ध नहीं होने से ग्राम हटा के सभी चौराहों एवं दुकानों में लगे सीसीटीव्ही फुटेज देखे गये। स्थानीय लोगों से पूछताछ कर जानकारी ली गई। पुष्ट सूचना मिलने पर 7 फरवरी 2023 को ग्राम कुंटी, थाना हटा, जिला दमोह के नामकराम जी की शटर वाली किराये की दुकान पर दबिश देकर दो संदिग्ध व्यक्तियों को पकड़ा गया।

दोनों गांवों में धोखाधड़ी करना कबूला

इनसे नाम व पता पूछने पर वे कभी कुछ तो कभी कुछ बताते रहे। दोनों के पास पहचान संबंधी कोई दस्तावेज भी होना नहीं पाया गया। आरोपियों से जब हिकमत अमली से पूछताछ की गई तो उन्होंने अपना नाम क्रमश: नवल पिता शिवकुमार गुप्ता उम्र 45 साल निवासी मूसाखेड़ी इंदौर तथा देवेन्द्र पिता मनोज कुमार कोरी उम्र 29 साल निवासी ग्राम कसर थाना दबोह तहसील लहार जिला भिण्ड के होना बताया। उन्होंने बैतूल जिले के ग्राम उमरिया व मुलताई क्षेत्र में किसानों के साथ धोखाधड़ी कर फरार होना स्वीकार किया।

इन स्थानों पर भी मिली है मौजूदगी

आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त वेगरआर कार क्रमांक एमएच-02/एके-9240 भी बरामद की गई है। उक्त दोनों को पुलिस अभिरक्षा में लेकर पुलिस थाना आमला लाकर मक्का एवं प्रदेश के दीगर जिलों में वारदात करने के संबंध पूछताछ की जा रही है। इसके लिए उन्हें 2 दिनों की रिमांड पर भी लिया गया है। पुलिस को प्राप्त जानकारी के आधार पर दोनों आरोपियों की उपस्थिति चौरई जिला छिंदवाड़ा, चाचौड़ा जिला गुना, राहतगढ़ जिला सागर, खजुराहो जिला छतरपुर मे भी पाई गई है। इसलिए संबंधित जिलों से भी जानकारी ली जा रही है।

इस तरह देते थे वारदात को अंजाम

दोनों आरोपी वेगन कार क्रमांक एमएच-02/एके-9240 से गाँवों में जाकर किसानों से संपर्क कर बताते हैं कि वे भोपाल के गल्ला व्यापारी हैं। किसानों को बाजार भाव से ज्यादा रेट पर अनाज खरीदने का लालच देकर अनाज खरीदकर किसी का भी मकान किराये पर लेकर रखवा देते हैं। पहचान संबंधी कोई भी दस्तावेज अपने पास नहीं रखते। इस दौरान आरोपी अपना मोबाइल भी उपयोग नहीं करते हंै। किसी गरीब मजदूर का मोबाइल लेकर उससे बातचीत करते हैं। टोल वाले रास्ते से आवागमन नहीं करते हैं। इसके बाद मौका देखकर माल लेकर चम्पत हो जाते हैं।

गिरफ्तारी में इनकी रही मुख्य भूमिका

उक्त उल्लेखनीय कार्यवाही में एसडीओपी मुलताई सुश्री नम्रता सोधिया के नेतृत्व में थाना प्रभारी आमला निरीक्षक संतोष पन्द्रे, उपनिरीक्षक नितिन उइके, हेमंत पाण्डे, राजेन्द्र राजवंशी, पुरुषोत्तम गौर, प्रधान आरक्षक सुनील राठौर, आरक्षक जितेन्द्र गाडरे, ओमप्रकाश नागीतिया, राजेन्द्र धाडसे, दिपेन्द्र सिंह, नीरज शेण्डे और बबलू धुर्वे की भूमिका रही है।

उत्तम मालवीय

मैं इस न्यूज वेबसाइट का ऑनर और एडिटर हूं। वर्ष 2001 से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। सागर यूनिवर्सिटी से एमजेसी (मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन) की डिग्री प्राप्त की है। नवभारत भोपाल से अपने करियर की शुरुआत करने के बाद दैनिक जागरण भोपाल, राज एक्सप्रेस भोपाल, नईदुनिया और जागरण समूह के समाचार पत्र 'नवदुनिया' भोपाल में वर्षों तक सेवाएं दी। अब इस न्यूज वेबसाइट "Betul Update" का संचालन कर रहा हूं। मुझे उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए प्रतिष्ठित सरोजिनी नायडू पुरस्कार प्राप्त करने का सौभाग्य भी नवदुनिया समाचार पत्र में कार्यरत रहते हुए प्राप्त हो चुका है।

Related Articles

Back to top button