Corona Big Breaking Today: कोरोना को लेकर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने राज्यों के मंत्रियों से चर्चा में किया ऐलान- 27 दिसंबर को पूरे देश में एक साथ…

Corona Big Breaking Today: “कोविड-19 सार्वजनिक स्वास्थ्य प्रतिक्रिया एवं वैश्विक परिदृश्य और उभरती चुनौतियाँ” विषय पर केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया (Union Health Minister Mansukh Mandaviya) ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से राज्यों के स्वास्थ्य मंत्रियों से चर्चा की। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य संस्थाओं में कोरोना से बचाव और उपचार की व्यवस्थाओं को लेकर पूरे देश में एक साथ-एक दिन 27 दिसम्बर को मॉक ड्रिल होगा, जिससे स्वास्थ्य संस्थाओं में उपचार की व्यवस्थाओं को सुनिश्चित किया जायेगा।

मध्यप्रदेश के लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. प्रभुराम चौधरी (MP Minister Dr. Prabhuram Chowdhary) ने केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री को प्रदेश के अस्पतालों में कोरोना से बचाव और उपचार के लिये की गई व्यवस्थाओं की जानकारी दी। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. चौधरी ने बताया कि प्रदेश में कोरोना से बचाव, उपचार और कोरोना के नये वेरिएंट बीएफ.7 के विदेशों में बढ़ रहे प्रकरणों को लेकर केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी एडवाइजरी का पालन सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने प्रदेश में कोविड-19 वैक्सीन कोविशील्ड की 5 लाख डोज प्रदेश को उपलब्ध कराने के लिये केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री श्री मांडविया से अनुरोध किया। केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री श्री मांडविया ने इस संबंध में त्वरित कार्यवाही करने की बात कही।

अस्पतालों में रखी जाएं पूरी तैयारी : मुख्यमंत्री
इधर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी निवास पर कोविड-19 से बचाव के लिए तैयारी को लेकर बैठक ली। इसमें उन्होंने कहा कि कोरोना बढ़ने की अभी पहले जैसी कोई बात नहीं है, फिर भी अस्पतालों में तैयारी पूरी रखी जाए। जिन लोगों ने बूस्टर डोज नहीं लगवाया है, उन्हें बूस्टर डोज लगाना शुरू करें। बैठक में मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस, अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य मोहम्मद सुलेमान एवं वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि कोरोना से सावधान रहें। कोरोना के उपचार के लिए अस्पतालों में आवश्यक दवाइयों की पर्याप्त व्यवस्था रखी जाएँ। मेडिकल कॉलेज एवं अस्पतालों में ऑक्सीजन प्लांट की मॉकड्रिल करा ली जाए। प्लांट चालू हालत में रहें यह सुनिश्चित किया जाए। जिन व्यक्तियों ने वैक्सीन का तीसरा डोज (बूस्टर) नहीं लगवाया है, उन्हें डोज लगाया जाए।



