Betul News: लापरवाह बीपीएम की समाप्त होगी सेवा, गर्भवती माताओं के कम पंजीयन पर बीएमओ को शोकॉज नोटिस
समीक्षा बैठक में कलेक्टर अमनबीर सिंह बैंस ने लापरवाह मैदानी स्वास्थ्य कर्मचारियों के विरूद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई के दिए निर्देश
जिले के दौरे पर आए कमिश्नर मालसिंह ने भी कार्य में लापरवाही पाए जाने पर जताई सख्त नाराजगी

Betul News: बैतूल कलेक्टर अमनबीर सिंह बैंस (IAS Amanbir Singh Bains) ने शनिवार को आयोजित जिला स्वास्थ्य समिति एवं जिला अस्पताल (Betul District Hospital) की समीक्षा बैठक में कहा कि गंभीर किस्म के मरीजों को उपचार हेतु अन्य स्थान पर भेजने के लिए एंबुलेंस की उपलब्धता में कोई दिक्कत न हो। ऐसे मरीजों के लिए तत्परता से एंबुलेंस उपलब्ध रहे। उन्होंने मोतियाबिंद की शल्य चिकित्सा (Surgery) के लिए जिला अस्पताल में फेको मशीन (PHACO machine) खरीदने के भी निर्देश दिए।
स्वास्थ्य कार्यक्रमों की समीक्षा के दौरान उन्होंने कहा कि गैर संस्थागत प्रसव को हतोत्साहित किया जाए एवं लोगों में जागरूकता लाकर शत प्रतिशत संस्थागत प्रसव कराए जाएं। स्वास्थ्य कार्यक्रमों के क्रियान्वयन में अपेक्षित प्रगति लाई जाएं। लापरवाह मैदानी स्वास्थ्य कर्मचारियों के विरूद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई (Disciplinary Action) की जाएं। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिलाष मिश्रा, सीएमएचओ डॉ. एके तिवारी, सिविल सर्जन डॉ. अशोक बारंगा सहित स्वास्थ्य विभाग के मैदानी अधिकारी-कर्मचारी मौजूद थे।
बैठक में कलेक्टर श्री बैंस ने राष्ट्रीय अंधत्व निवारण कार्यक्रम की समीक्षा के दौरान सेवा सदन से अनुबंध अनुसार कार्य कराने, फेको मशीन क्रय किए जाने और आठ नंबर से कम नंबर के चश्मे बनाए जाने वाले बच्चों की लाइन लिस्टिंग करवाकर रेडक्रॉस समिति (Red Cross Committee) को सौंपने के संबंध में निर्देश दिए। उन्होंने निर्देश दिए कि जिला अस्पताल में गरीब मरीजों के लिए सुलभता से एंबुलेंस उपलब्ध कराई जाएं, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर मरीज अन्य स्थानों पर रैफर किए जाने पर एंबुलेंस के लिए परेशान न हों।
एसएनसीयू से डिस्चार्ज किए गए बच्चों के माता-पिता को आशा कार्यकर्ता एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता द्वारा बेसिक हाइजिन, एक्सक्लूजिव ब्रेस्ट फीडिंग सहित अन्य विषयों पर जागरूक किया जाए। रक्तकोष में खून की कमी न रहे, आवश्यकतानुसार रक्तदान शिविर भी आयोजित किए जाएं। जिला अस्पताल के सफाई कर्मचारियों का वेतन भुगतान समय पर हो जाए। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की विकृति बचाव संबंधी पूर्व में आयोजित की गई 4डी ट्रेनिंग उपरांत आए बदलाव का अध्ययन किया जाएं।
- Also Read: Chane ki unnat kheti: चने की यह टॉप किस्में, देती हैं छप्पर फाड़ उत्पादन, बस जान लें खेती का तरीका
विकृति बचाव के संबंध में शिक्षकों की ट्रेनिंग के पश्चात उन्हें निर्देशित किया जाए कि ऐसे विकृति वाले बच्चों को चिन्हित कर खंड चिकित्सा अधिकारी को जानकारी दें, ताकि बच्चों का पूर्ण उपचार हो सके। फ्लोरोसिस से संबंधित कैम्पों का आयोजन संपूर्ण जिले में किया जाए एवं बच्चों को चिन्हित कर पूर्ण उपचार प्रदाय किया जाए। राष्ट्रीय क्षय नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत निजी चिकित्सकों की बैठक आयोजित कर टीबी के प्राइवेट नोटिफिकेशन को बढ़ाने हेतु प्रयास किए जाएं।
बैठक में कलेक्टर ने अनमोल एवं एचएमआईएस एप में कम उपलब्धि वाले विकासखंडों-भैंसदेही, मुलताई, प्रभातपट्टन, आमला एवं शहरी क्षेत्र बैतूल की कर्त्तव्य के प्रति लापरवाह एएनएम के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए सीएमएचओ को निर्देश दिए। मुख्यालय पर न रहने वाले मैदानी स्वास्थ्य कर्मचारियों का रेंडम निरीक्षण कराकर प्रस्ताव बनाने एवं अनुशासनात्मक कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए। जिन डिलेवरी प्वाइंट्स पर संतोषजनक कार्य नहीं हैं, वहां के जिम्मेदार कर्मचारियों के विरूद्ध भी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएं।
खंड चिकित्सा अधिकारी भैंसदेही को प्रथम त्रैमास में गर्भवती माताओं का पंजीयन कम कराए जाने पर कारण बताओ नोटिस जारी करने के भी निर्देश दिए गए। डिलेवरी प्वाइंट पर पदस्थ स्टाफ का अन्यत्र संलग्नीकरण होने पर तत्काल निरस्त कराया जाए। समग्र आईडी एवं बैंक डिटेल अपडेशन के कार्य में प्रगति लाई जाए। कार्य में लापरवाही बरतने पर सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र भीमपुर के बीपीएम की सेवाएं समाप्त करने की कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में कलेक्टर ने एकीकृत रोग निगरानी कार्यक्रम, चार एएनसी चेकअप, शिश मृत्यु की समीक्षा करते हुए बॉटम-5 वाले विकासखंडों के अधिकारियों के विरूद्ध कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। मीजल्स रूबैला निर्मूलन कार्यक्रम में प्रगति लाने हेतु भी निर्देश दिए गए। समस्त राष्ट्रीय कार्यक्रमों में अपेक्षित उपलब्धि लाने हेतु सेक्टर सुपरवाइजरों को गंभीरता से कार्य करने के निर्देश दिए गए।

कमिश्नर ने अवकाश के दिन किया ग्रामीण क्षेत्रों का भ्रमण
कमिश्नर नर्मदापुरम मालसिंह ने शनिवार को अवकाश के दिन शाहपुर विकासखंड के ग्राम चापड़ा, पहावाड़ी, सेमलपुरा, पावरझंडा, जामनगरी एवं मूढ़ा का भ्रमण कर मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान के तहत पात्र हितग्राहियों को दिए जाने वाले योजनाओं के लाभ की स्थिति देखी। इस दौरान उन्होंने मैदानी अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान में योजनाओं का लाभ लेने से कोई भी पात्र हितग्राही वंचित न रहे। भ्रमण के दौरान एसडीएम शाहपुर अनिल सोनी भी मौजूद थे।

कमिश्नर ने ग्राम पावरझंडा में पंचायत भवन के पीछे नाले में बहते पानी को रोकने के लिए कड़ी-शटर नहीं लगाने पर पंचायत सचिव पर नाराजगी व्यक्त की। साथ ही तत्काल कड़ी-शटर लगवाने के निर्देश दिए। जल जीवन मिशन अंतर्गत समस्त स्थानों पर एवं आंगनबाड़ियों व स्कूलों में नल-जल कनेक्शन चालू रखना सुनिश्चित करने के लिए अनुविभागीय राजस्व अधिकारी को निर्देशित किया। ग्राम मूढ़ा में लंपी वायरस से एक पशु की मौत की जानकारी मिलने पर एसडीएम को तत्काल पशुओं का टीकाकरण करवाने निर्देशित किया। आयुक्त ने जामनगर पैदल पहुंचकर मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान का निरीक्षण किया।



