गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा बोले- कांग्रेसी डूबता जहाज, भाजपा के साथ जुड़ें, नगर का विकास करेंगे

♦ निखिल सोनी, आठनेर
मध्यप्रदेश में हो रहे नगर निकाय चुनाव के तहत बुधवार को बैतूल जिले के आठनेर में भाजपा कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया। जिसमें प्रदेश के गृह, जेल, विधि कार्य मंत्री नरोत्तम मिश्रा भी शामिल हुए। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि कांग्रेस एक डूबता जहाज है। कमल नाथ से लेकर नीचे तक उनके नेता वोटों की फसल काटने लगातार झूठ पर झूठ बोलते हैं। आम जनता के बीच उन्होंने झूठ की फैक्ट्री खोल रखी है।

राहुल की भारत जोड़ो यात्रा पर कसा तंज

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा पर प्रदेश के गृह मंत्री श्री मिश्रा के द्वारा तंज कसते हुए कहा गया कि पप्पू, चप्पू को चला रहा है। चप्पू, पप्पू को चला रहा है। जो कांग्रेस को नहीं जोड़ पाए वे आज भारत जोड़ने चले। देश आज नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रगतिशील और शिवराज जी के नेतृत्व में विकसित राज्य के रूप में पहचान बना रहा है।

विकसित नगर परिषद बनाने का सपना

उन्होंने कहा कि नगर परिषद में भाजपा की नगर सरकार गठित होने के बाद हम नगर को नए रूप में पहचान देंगे। नगर विकास करना हमारी प्रथम प्राथमिकता होगी। भाजपा के सभी 15 वार्ड पार्षदों को जिताने के साथ इतिहास रचें। हम एक बेहतर नगर विकास और नगर सरकार बना कर देंगे।

पीडब्ल्यूडी मंत्री सुरेश धाकड़ भी पहुंचे

गृह मंत्री श्री मिश्रा के साथ प्रदेश के पीडब्ल्यूडी मंत्री सुरेश धाकड़ भी पहुंचे थे। कुछ मिनट तक प्रदेश के गृह मंत्री ने सभा को संबोधित किया। इसके बाद वे वापस लौट गये। मंच पर उनके साथ जिला पंचायत अध्यक्ष राजा पवार, सांसद दुर्गादास उइके, पूर्व सांसद हेमंत खंडेलवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष आदित्य बबला शुक्ला मौजूद रहे।

 

उत्तम मालवीय

मैं इस न्यूज वेबसाइट का ऑनर और एडिटर हूं। वर्ष 2001 से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। सागर यूनिवर्सिटी से एमजेसी (मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन) की डिग्री प्राप्त की है। नवभारत भोपाल से अपने करियर की शुरुआत करने के बाद दैनिक जागरण भोपाल, राज एक्सप्रेस भोपाल, नईदुनिया और जागरण समूह के समाचार पत्र 'नवदुनिया' भोपाल में वर्षों तक सेवाएं दी। अब इस न्यूज वेबसाइट "Betul Update" का संचालन कर रहा हूं। मुझे उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए प्रतिष्ठित सरोजिनी नायडू पुरस्कार प्राप्त करने का सौभाग्य भी नवदुनिया समाचार पत्र में कार्यरत रहते हुए प्राप्त हो चुका है।

For Feedback - feedback@example.com

Related News