बड़ी खबरेंदेश/विदेशबैतूल अपडेटब्रेकिंग न्यूजमध्यप्रदेश अपडेट

murder busted : रिश्तेदार के साथ थे अवैध संबंध, इसी से खफा होकर पति और देवर ने उतारा था ब्यूटी पार्लर संचालिका को मौत के घाट


▪️ विजय सावरकर, मुलताई
murder busted :  बैतूल जिले के मुलताई थाना क्षेत्र के ग्राम चौथिया के पास प्रभातपट्टन मार्ग पर स्थित बंद ढाबे में बीते 10 अगस्त को एक महिला की लाश मिली थी। वह लाश नेहरू वार्ड निवासी ब्यूटी पार्लर संचालिका (beauty parlor operator) की थी। इस मामले में पुलिस ने खुलासा कर दिया है। ब्यूटी पार्लर संचालिका की हत्या उसके पति और देवर (husband and brother-in-law) ने गला घोंटकर (throttled up) की थी। आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

गौरतलब है कि ब्यूटी पार्लर संचालिका संगीता पति राजेश साहू 35 वर्ष निवासी नेहरू वार्ड मुलताई बीते 5 अगस्त को दोपहर में मोहल्ले में स्थित अपने ब्यूटी पार्लर में जाने का कहकर निकली थी। लेकिन, शाम तक घर नहीं पहुंची थी। बीते 10 अगस्त को सुबह 9 बजे ग्राम चौथिया के सीमा क्षेत्र में प्रभातपट्टन रोड के किनारे स्थित पति राजेश के बंद ढाबे में संगीता का शव पड़ा हुआ था। राजेश ने ढाबे में संगीता का शव पड़ा होने की जानकारी पुलिस थाने में दी।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव बरामद किया था। पुलिस ने बताया कि मृतिका संगीता के शव की शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट में संगीता की गला घोंटकर हत्या करने का खुलासा होने पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 302, 201 के तहत केस दर्ज कर प्रकरण की विवेचना प्रारंभ की थी। शुक्रवार को थाना परिसर में आयोजित पत्रकार वार्ता में एसडीओपी नम्रता सोंधिया ने घटना का खुलासा करते हुए बताया कि अंधे कत्ल की जांच के लिए पुलिस अधीक्षक सुश्री सिमाला प्रसाद के मार्गदर्शन में एक टीम बनाई गई थी।

इस टीम में थाना प्रभारी सुनील लाटा, उपनिरीक्षक उत्तम मस्तकार, अश्विनी चौधरी प्रधान आरक्षक निलेश सोनी, अंकित, आरक्षक मिथिलेश, अविनेश, प्रमोद, रोहित, गोपाल के साथ साइबर सेल प्रभारी उपनिरीक्षक राजेंद्र रघुवंशी, आरक्षक राजेंद्र धाड़से, दीपेंद्र, सैनिक शशि पवार और राहुल शामिल थे। इस टीम ने लगातार प्रयास कर मामले की तह तक पहुंचने में सफलता हासिल कर ली है।

घटना की विवेचना के दौरान यह खुलासा हुआ कि संगीता साहू का उसके पति के फूफा लक्ष्मण साहू से अवैध प्रेम संबंध था। दोनों चोरी-छिपे ग्राम चौथिया के पास स्थित बंद पड़े शिव तुलसी ढाबा में जाकर मिलते थे। जिसकी जानकारी मृतिका के परिजन के साथ पति राजेश और देवर मनोज को भी थी। बंद पड़े ढाबे के ताले की चाबी की जानकारी मृतिका संगीता साहू को थी। 4 अगस्त 2022 को संगीता के देवर मनोज ने संगीता और फूफा लक्ष्मण को मोबाइल पर बात करते हुए देख लिया था।

इस बात को लेकर मनोज ने लक्ष्मण के साथ विवाद भी किया था। साथ ही इस बात की जानकारी बड़े भाई राजेश को दी थी। 5 अगस्त को संगीता ढाबे के दरवाजे पर लगे ताले की चाबी लेकर लक्ष्मण साहू के साथ बाइक पर सवार होकर ढाबे की तरफ गई थी। जिसे संगीता के देवर मनोज ने देख लिया था। मनोज ने इस बात की जानकारी राजेश को दी। दोनों बाइक पर सवार होकर लक्ष्मण की बाइक का पीछा करते हुए ढाबे पर पहुंचे।

उन्होंने पाया कि ढाबे के दरवाजे पर ताला नहीं लगा है। ढाबे के अंदर कमरे से संगीता और लक्ष्मण साहू की आवाज आ रही थी। दोनों ने धक्का देकर दरवाजा खोल कर देखा तो संगीता और लक्ष्मण साहू आपत्तिजनक स्थिति में चादर पर लेटे हुए दिखे। इस बात से गुस्से में आए राजेश और मनोज ने लक्ष्मण के साथ मारपीट की। मारपीट के दौरान लक्ष्मण वहां से भाग गया। उसके बाद बदनामी के डर से राजेश और मनोज ने संगीता की गला घोटकर हत्या कर दी। हत्या के बाद ढाबे के दरवाजे पर ताला लगा कर घर वापस आ गए।

घटना के दिन ही शाम को लक्ष्मण साहू की तबीयत खराब हुई तो उसे परिजनों ने अस्पताल में भर्ती कराया। 6 अगस्त को राजेश ने अपनी पत्नी संगीता की गुमशुदगी की रिपोर्ट भी पुलिस थाने में दर्ज कराई। 10 अगस्त को इलाज के दौरान लक्ष्मण की मृत्यु हो जाने के बाद राजेश और मनोज ने ढाबे का ताला तोड़कर संगीता का शव मिलने की जानकारी भी पुलिस को दी। एसडीओपी सुश्री सोंधिया ने बताया कि घटना के बाद संगीता के पति राजेश और मनोज से कड़ी पूछताछ की तो उन्होंने संगीता की हत्या करना कबूल किया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।

उत्तम मालवीय

मैं इस न्यूज वेबसाइट का ऑनर और एडिटर हूं। वर्ष 2001 से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। सागर यूनिवर्सिटी से एमजेसी (मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन) की डिग्री प्राप्त की है। नवभारत भोपाल से अपने करियर की शुरुआत करने के बाद दैनिक जागरण भोपाल, राज एक्सप्रेस भोपाल, नईदुनिया और जागरण समूह के समाचार पत्र 'नवदुनिया' भोपाल में वर्षों तक सेवाएं दी। अब इस न्यूज वेबसाइट "Betul Update" का संचालन कर रहा हूं। मुझे उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए प्रतिष्ठित सरोजिनी नायडू पुरस्कार प्राप्त करने का सौभाग्य भी नवदुनिया समाचार पत्र में कार्यरत रहते हुए प्राप्त हो चुका है।

Related Articles

Back to top button