हाईवे पर भीषण हादसा: अनियंत्रित होकर दूसरे लेन पर फिंकाई कार, दो की मौत, एक बच्ची गंभीर, कार में फंसे घायलों को ग्रामीणों ने निकाला बाहर

▪️ विजय सावरकर, मुलताई
बैतूल-नागपुर नेशनल हाईवे फोरलेन (Betul-Nagpur National Highway Fourlane) पर आज दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। वहीं एक 11 साल की बच्ची गंभीर रूप से घायल है। जिसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए। दुर्घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने जैसे-तैसे कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला।
मिली जानकारी के अनुसार आज शुक्रवार दोपहर बैतूल-नागपुर हाईवे पर खम्बारा टोल (Khambara Toll on Betul-Nagpur Highway) के आगे मोही के पास एक कार अनियंत्रित होकर दूसरे लेन से आ रहे ट्रक में जा घुसी। ट्रक में घुसने से तेज रफ्तार कार के परखच्चे उड़ गए। कार रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर भोपाल की बताई जा रही है। घटना में दो लोगाें की मौत होना बताया जा रहा है। दुर्घटना के बाद कार में फंसे लोगों को ग्रामीणों द्वारा बाहर निकाला गया।
इस हादसे में मृत लोगों की पहचान भोपाल निवासी विशाल भास्कर बंबल (22) और छाया करोले (32) के रूप में हुई है। यह लोग भोपाल से पांढुरना जा रहे थे। मृतक आपस में चचेरे भाई-बहन बताए जा रहे हैं। वे एक अंत्येष्टि में शामिल होने के लिए जा रहे थे। घायल बालिका को पांढुरना अस्पताल ले जाया गया है। वीडियो में देखें दुर्घटना के बाद कार में फंसे लोगों को कैसे निकाला….



