Plaster was falling from the roof of the school : स्कूल की छत से झड़ रहा था प्लास्टर, उसी के नीचे नौनिहालों की हो रही थी पढ़ाई, दंग रह गए जनप्रतिनिधि
▪️ प्रकाश सराठे, रानीपुर
Plaster was falling from the roof of the school : स्कूलों में पढ़ने वाले नौनिहालों की जान से भी खिलवाड़ (playing with children’s lives) करने से नहीं चुका जा रहा है। बैतूल जिले के रानीपुर क्षेत्र की ग्राम पंचायत जुवाड़ी के ग्राम कतिया कोयलारी में ऐसा ही नजारा आज दिखा। यहां के शासकीय प्राथमिक स्कूल (government primary school) का जनपद सदस्य सीमा तुमराम, ब्लॉक कांग्रेस सेवा दल के अध्यक्ष नितिन महतो और सरपंच मनोज धुर्वे ने निरीक्षण किया। इस दौरान वे स्कूल की बदहाल हालत देख कर दंग रह गए।
उन्होंने पाया कि स्कूल भवन अत्यंत जर्जर स्थिति में है। छत से प्लास्टर के टुकड़े नीचे गिर रहे हैं। प्लास्टर के यह टुकड़े गिरने से बच्चों की जान को खतरा हो सकता है। यह हालत देख कर उन्होंने स्कूल को अन्य भवन में लगाने के लिए कहा। जिससे प्राथमिक स्कूल को ग्राम पंचायत के सामुदायिक भवन में शिफ्ट किया गया है।

जनपद सदस्य श्रीमती तुमराम ने बताया कि जर्जर स्कूल भवन की ओर स्थानीय प्रशासन और शिक्षा विभाग को ध्यान देना चाहिए। इस तरह के जर्जर भवनों में बच्चों को बैठाने से कभी भी कोई बड़ी दुर्घटना हो सकती है। इस अवसर पर पूर्व उप सरपंच नितिन महतो सहित सरपंच मनोज धुर्वे भी उपस्थित रहे।
शिक्षा समिति सभापति और जनपद उपाध्यक्ष ज्ञान सिंह परते को समस्या से अवगत कराया गया। उनके द्वारा वरिष्ठ अधिकारियों से संपर्क कर समस्या का निराकरण करने का आश्वासन दिया गया है। स्कूल को शिफ्ट किए जाने से पालकों ने भी राहत ली है। वे भी बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंतित रहते थे।



