हैवानियत : दुकान के सामने सोया था युवक, दो लोग आए और पेट्रोल डाल कर लगा दी आग; इधर कुएं में मिला युवक का शव
बैतूल। जिले के बीजादेही थाना क्षेत्र में हैवानियत की हदें पार करने वाला मामला सामने आया है। एक युवक दुकान के सामने सोया था। उसी बीच वहां 2 लोग पहुंचे। उन्होंने उसके कपड़े निकाले और पेट्रोल डालकर आग लगा दी। घटना में युवक के के कमर के आसपास का हिस्सा बुरी तरह झुलस गया है। उसे चिचोली अस्पताल में भर्ती किया गया है। दूसरी ओर आठनेर थाना क्षेत्र में एक युवक का शव कुएं में मिला है।
यह घटना ग्राम काजली निवासी दीपचंद पिता साहबलाल के साथ शनिवार रात में घटी। पीड़ित युवक का आरोप है कि वह गांव की एक दुकान पर बेंच पर लेटा था। इसी दौरान दुकान संचालक एवं एक अन्य द्वारा उसे पकड़ कर अंडरवियर निकाल दी गई। इसके बाद बलपूर्वक उसके शरीर के निचले हिस्से पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी।
आग लगाने के बाद दोनों फरार हो गए। पीड़ित युवक को उसकी पत्नी एवं परिजनों द्वारा हंड्रेड डायल की सहायता से सीएचसी चिचोली में लाकर भर्ती करवाया गया है। जहां पर पीड़ित का उपचार जारी है। फिलहाल यह जानकारी नहीं मिल सकी है कि आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज हुआ या नहीं।
एक दिन पहले से था लापता
उधर आठनेर थाना क्षेत्र के ग्राम बिसनूर में एक युवक का शव कुएं में मिला है। इससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कुएं के बाहर निकाला। मृत युवक की शिनाख्त ग्राम सिरडी निवासी सतीश उर्फ दुल्या मालवीय के रूप में की गई है।
जानकारी के अनुसार युवक शुक्रवार सुबह 9 बजे कॉलेज जाने का कहकर घर से निकला था। इसके बाद से उसका कोई पता नहीं था। परिजन और साथी उसकी लगातार तलाश कर रहे थे। शनिवार दोपहर को उसका शव कुएं में मिला है।
युवक बिसनूर छत्रपति शिवाजी महाराज स्कूल में चपरासी के पद पर पदस्थ था। युवक ने आत्महत्या की या उसकी हत्या की गई है, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।



