अलर्ट : लेंडी नदी की पुलिया पर हुआ बड़ा गड्ढा, धंसक भी रही; छोटी सी लापरवाही भी साबित हो सकती है जानलेवा
◼️ उत्तम मालवीय, बैतूल
बैतूल क्षेत्र के भोगीतेड़ा गांव से रोंढा-भडूस को जोड़ने वाले मार्ग पर लेंडी नदी स्थित है। इस नदी पर बनी पुलिया बारिश के चलते आई बाढ़ से क्षतिग्रस्त हो गई है। इस पुलिया का जहां एप्रोच रोड धंस गया है, वहीं पुलिया पर बीच में बड़ा गड्ढा हो गया है। यह गड्ढा तेज गति से निकल रहे वाहनों के लिए जानलेवा साबित हो सकता है। ऐसे में जो भी वाहन चालक इस मार्ग से निकलते हैं, उन्हें सावधानी बरतना जरुरी है।
ग्रामीण श्यामराव पवार और जितेंद्र सिंह चंदेल ने बताया कि झमाझम बारिश के चलते लेंडी नदी में बाढ़ आ गई थी। सोमवार को पुलिया से बाढ़ का पानी कम होने पर पुलिया को हुए नुकसान का पता चला। बाढ़ की वजह से पुलिया का एप्रोच मार्ग धंस गया है। इस मार्ग से प्रतिदिन भारी वाहन गुजरते हैं। ऐसे में जरा सी लापरवाही भी बरतने पर बड़ा हादसा होने से इंकार नहीं किया जा सकता।

ग्रामीण सरजेराव परिहार और अनिल सिंह चंदेल ने बताया कि इस पुलिया से होकर गुजरने वाले राहगीरों की जान हर पल खतरे में हैं। कई स्कूल वाहन भी यहां से गुजरते हैं। ऐसे में थोड़ी भी अनदेखी से बच्चों की जान को खतरा हो सकता है। ग्रामीणों के आने-जाने का भी यही प्रमुख मार्ग है। इन परिस्थितियों को देखते हुए ग्रामीणों ने जल्द से जल्द इस क्षतिग्रस्त पुलिया को दुरुस्त करने की मांग की है।



