Crime : आधी रात को घर में घुसे बदमाश, पिस्टल अड़ाकर बोले- मर्डर करके आए हैं, आधे घंटे के लिए लड़की दो; उधर जनपद सदस्य के घर से लाखों की चोरी

बैतूल जिले के शाहपुर में शुक्रवार की रात एक शिक्षक के घर में पिस्टल लेकर दो बदमाश घुस गए। आरोपी परिवार के सदस्यों से कह रहे थे कि आधे घंटे के लिए एक लड़की दो, नहीं तो गोली मार देंगे। इस दौरान आधे घंटे से ज्यादा समय तक पूरा परिवार भारी दहशत में रहा। उधर शाहपुर थाना क्षेत्र के ही कुंडी गांव में जनपद सदस्य के घर बीती रात चोरों ने धावा बोल दिया। घर से 20 लाख के जेवर और करीब डेढ़ लाख नकद चुराए गए हैं।
शाहपुर निवासी शिक्षक मुकेश तिवारी द्वारा शाहपुर थाने में की गई शिकायत में बताया गया है कि मेरे घर पर 13 मई को मेरे जीजा रामबाबू शर्मा सह परिवार आए थे। रात्रि में भोजन करके 11.30-12 बजे के करीब सो गए थे। मेरे घर के ऊपर किराएदार रहते हैं। इसलिए घर का मेन गेट खुला हुआ था। अंदर के कमरे वाला दरवाजा भी खुला था एवं बाहर का जाली वाला गेट बंद था।

रात्रि करीब 12.30 बजे दो युवक जाली वाले दरवाजे में छेद करके और सटकनी खोलकर कमरे में अंदर घुस गए। उस कमरे में मेरे जीजा रामबाबू शर्मा, बहन, 3 भांजियां उनके बच्चों के साथ उस कमरे में सो रहे थे। बदमाश अंदर आकर उनसे कहने लगे कि हम लोग राजस्थान से आए हैं। हमारी बहन का रेप कर दिया था। हम रेप करने वाले का मर्डर करके भागकर आए हैं। पुलिस हमारे पीछे लगी है।
उन दोनों के पास छोटी गन थी। कहने लगे कि एक लड़की हमको दे दो, हम एक लड़की ले जाते हैं। आधे घंटे बाद लड़की छोड़ जाएंगे। उसी समय उन्होंने जीजाजी के दो मोबाईल और दो भांजियों के मोबाईल अपने कब्जे में ले लिए। जिनकी कुल कीमत 41 हजार है।
फोन पर छोटे कद वाला लड़का किसी से बात भी कर रहा था। जो कह रहा था कि लड़की नहीं भेजोगे तो दो लोगों को गोली मार दो। इतने में मेरे जीजाजी ने कमरे की लाईट जलाई और जोर से चिल्लाये मुकेश। इसके बाद वे गेट खोलकर भागे। वे हमारे घर के सभी दरवाजे बाहर से लॉक कर गए थे।
शिकायत पर शाहपुर पुलिस ने धारा 458, 380 के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। श्री तिवारी ने बताया कि आरोपी एक कार से आए थे। उनमें से दो भीतर आए थे, जबकि 2 कार के पास ही थे। इस घटना से परिवार में भारी दहशत है। उन्होंने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
गिरमिट से छेद करके खोला दरवाजा और फिर घुसे चोर

दूसरी ओर जनपद सदस्य बृजेश कवड़े ने पुलिस से की शिकायत में बताया है कि कल रात मैंने व भाई राजेश ने खाना बनाकर खाया। रात 10 बजे खेत की मोटर चालू की और कमरे में सो गये। परिवार की महिलाएं व बच्चे, भाभी का ऑपरेशन होना था तो बैतूल गये थे। सुबह 7 बजे राजेश जागा और घर के पीछे गया तो किचिन का दरवाजा खुला पड़ा था।
उसमें गिरमिट से छेद था। तब मुझे राजेश ने जानकारी दी। हम दोनों ने पीछे जाकर देखा तो किचिन के दरवाजे में गिरमिट से छेद किया दिखा। अंदर जाकर देखा तो दोनों कमरों की अलमारियां खुली पड़ी थी, सामान बिखरा पड़ा था। मेरे पर्स से 500-500 रूपये के 22000 रूपये एव राजेश के पर्स के 500-500 रूपये के 15000 रूपये एव अलमारी में रखे सभी प्रकार के सिक्के और नोट 110000 (एक लाख दस हजार रूपये) कुल 147000 रूपये चोरी हुए हैं।

इसी तरह अलमारियों में रखे सोने-चांदी के जेवर व भाई राजेश के पर्स से आधार कार्ड, ड्राईविंग लायसेंस, तूफान गाड़ी के कागज, परिचय पत्र, सेन्ट्रल बैंक शाहपुर का एटीएम एवं चेक बुक भी चोरी हुए हैं। जेवरात की सूची घर वालों से पता कर अलग से पेश कर दूंगा। इधर चर्चा में श्री कवड़े ने बताया कि करीब 20 लाख रूपये के जेवर चोरी हुए हैं। पुलिस मामला दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।



