दरिंदगी की पराकाष्ठा : महज 5 और 7 साल की मासूम बच्चियों से दुष्कर्म, पुलिस की गिरफ्त में हैवान
◾ उत्तम मालवीय, बैतूल
बैतूल जिले के भैंसदेही थाना क्षेत्र में मात्र 5 और 7 साल की मासूम बच्चियों के साथ दुष्कर्म (Rape of innocent girls) का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी दोनों को जंगल में ले गया और वहां उनके साथ दरिंदगी की। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। एसपी ने भी मौका मुआयना कर आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे।
एसडीओपी भैंसदेही शिवचरण बोहित ने बताया कि थाना भैंसदेही में 11 मई 2022 को फरियादी ने रिपोर्ट किया की थी कि वह 5 वर्षीय भतीजी और 7 वर्षीय बेटी के साथ शाम को वापस घर आ रहा था। उसी दौरान गांव का गरब सिंह दोनों अबोध बच्चियों को अपनी होन्डा साईन मोटर साइकिल पर जबरन बिठाकर जंगल की तरफ ले गया। वहां दोनों अबोध बच्चियों के साथ दुष्कर्म करने के बाद आरोपी गरब सिंग घर से कुछ दूरी पर छोड़कर भाग गया।

दोनों बच्चियां घर रोते हुए पहुंची। उनकी मां तथा परिजनों ने देखा तो दोनों बच्चियों के गुप्तांगों से ब्लड आ रहा था। कपड़े खून से सने हुए थे। दोनों बच्चियां डरी-सहमी थी। एक बच्ची के पिता की रिपोर्ट पर थाना भैंसदेही में आरोपी गरब सिंग के विरूद्ध धारा 363, 376-ए, 376-बी 377 भादंवि 5एम पॉक्सो एक्ट का पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
आरोपी गरब सिंग को गिरफ्तार करने हेतु दो टीमें बनाई गई थीं। एक टीम में एसडीओपी भैंसदेही के साथ आरक्षक किशोर, उज्जवल, राजू, मनोज उईके तथा दूसरी टीम में उप निरीक्षक गमर सिंह मण्डलोई, प्रधान आरक्षक अजय भलावी, ब्रजेश एवं आरक्षक प्रवीण थे।
आरोपी को पकड़ने पेड़ पर चढ़े पुलिसकर्मी
सायबर सेल आरक्षक दीपेन्द्र व राजेन्द्र धाड़से के सहयोग से आरोपी गरब सिंग को चोपनी के जंगल में तलाश किया गया। विश्वसनीय सूत्रों से जानकारी मिली कि आरोपी अपनी मोटर साइकिल होन्डा साईन से कहीं भागने वाला है। इस पर मोटर साइकिल की जंगल में तलाश कर प्रधान आरक्षक अजय भलावी तथा अन्य पुलिस कर्मी पेड़ पर चढ़कर छिप गए। आरोपी गरब सिंग जब फरार होने लगा तभी फोर्स ने घेरा डालकर उसे हिरासत में ले लिया।



