Death in Accident : दुकान बंद करके घर जा रहे युवक को अज्ञात वाहन ने कुचला, मौके पर हुई मौत; इधर बस ने पुलिस कर्मी को कुचला, होटल की तहस नहस

• उत्तम मालवीय, बैतूल
दुकान बंद करके घर लौट रहे युवक को अज्ञात वाहन ने कुचल दिया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बीती रात करीब 9 बजे यह हादसा बैतूल-परतवाड़ा स्टेट हाइवे पर हुआ। शव को पीएम के लिए भैंसदेही सीएचसी लाया गया है। इधर चिचोली के खापा में एक बेलगाम बस ने चाय पी रहे एक पुलिस कर्मी को कुचल दिया। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। बस ने होटल भी तहस नहस कर दी। वहां खड़े अन्य लोग बाल-बाल बचे।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक गुदगांव चिलकापुर निवासी रिंकू पिता रामाजी वागद्रे (30) की गुदगंव चौपाटी पर साइकिल स्टोर की दुकान है। रोज की तरह रविवार रात को भी वह रात 9 बजे के करीब दुकान बंद करके घर लौट रहा था। इस बीच गुदगांव बस्ती और चौपाटी के बीच अज्ञात वाहन ने उसको अपनी चपेट में ले लिया।
हादसे में रिंकू की कमर के नीचे का पूरा हिस्सा बुरी तरह से कुचला गया है। जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचित किया। पुलिस शव को पीएम के लिए भैंसदेही लाई है। बताया जाता है कि मृतक रिंकू की बीते साल ही शादी हुई थी।

दूसरी ओर चिचोली थाना अंतर्गत खापा में मीरा पेट्रोल पंप के सामने होटल में चाय पी रहे पुलिसकर्मी को तेज रफ्तार बस ने आकर कुचल दिया। बस ने अनियंत्रित होकर होटल को भी तहस-नहस कर दिया। इस बीच पेट्रोल पंप पर डीजल डलवाने के लिए खड़ी 108 के कर्मचारी योगेश जैन एवं नवनीत बरडे ने तत्काल पुलिसकर्मी को उठाकर चिचोली के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के लिए लाया।

पुलिसकर्मी को गंभीर चोट आने की वजह से उसे 108 की सहायता से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। 108 के योगेश जैन ने बताया कि होटल पर और भी लोग खड़े थे जो बाल-बाल बच गए। बस तेज रफ्तार से आ रही थी। किसी अन्य वाहन को बचाने के चक्कर में होटल के सामने खड़े पुलिसकर्मी को कुचलती हुई बस ने होटल को भी तहस नहस कर दिया। पुलिस कर्मी के पास से मिले दस्तावेजों से उसकी पहचान कांस्टेबल अरुण बेले के रूप में की गई है। कांस्टेबल की मोटर साइकिल भी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हुई है। घटनास्थल का वीडियो देखने के लिए नीचे दी गई लिंक पर क्लिक करें…👇
https://youtube.com/shorts/XCafxmQUSwg?feature=share




