(अ) करूणा अस्पताल की और भी करतूतें उजागर, हुए थे तीन और अवैध गर्भपात, दुष्कर्म पीड़िता भी आई सामने, डॉक्टर की संपत्ति की जुटाई जा रही जानकारी

बैतूल शहर के करूणा अस्पताल की और भी करतूतें सामने आई हैं। यहां अवैध रूप से गर्भपात और लिंग परीक्षण के तीन मामले उजागर हुए हैं। इन नए मामलों के सामने आने के बाद इनमें भी प्रकरण दर्ज कर जांच की जा रही है। अस्पताल से दो सोनोग्राफी मशीनें जब्त की हैं जिनका रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है। डॉक्टर की संपत्ति की जानकारी भी जुटाई जा रही है।
शुक्रवार को पुलिस कंट्रोल रूम में पत्रकार वार्ता आयोजित की गई जिसमें एसपी, एएसपी, मुलताई एसडीओपी नम्रता सोंधिया, आमला थाना प्रभारी संतोष पन्द्रे उपस्थित थे। एसपी ने खुलासा करते हुए बताया कि गत दिनों आमला थाना क्षेत्र में कक्षा 10 वीं में पढ़ने वाली नाबालिग छात्रा के साथ ट्यूशन पढ़ाने वाले शिक्षक ने दुराचार किया।
नाबालिग गर्भवती हो गई थी। जिसका बैतूल के करूणा अस्पताल में गर्भपात किया गया। इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी प्रकाश भोजेकर निवासी उमरिया, माया भोजेकर, राजेन्द्र पिता रामजी भोजेकर एवं करूणा अस्पताल की डॉ. वंदना कापसे निवासी लिंक रोड बैतूल को गिरफ्तार किया है।
अब इस मामले के अलावा गर्भपात के और तीन मामले सामने आए है। एसपी ने बताया कि जांच में पाया गया कि आमला की नाबालिग छात्रा का गर्भपात कराने के अलावा करूणा अस्पताल में तीन और अवैध रूप से गर्भपात कराए हैं। जिसमें कोतवाली थाने के अंतर्गत आने वाली 16 वर्षीय किशारी शामिल है। यह किशोरी मजदूरी का काम करती जिसका करूणा अस्पताल में गर्भपात कराया गया।
इसके अलावा चिचोली थाना क्षेत्र के एक 19 वर्षीय युवती का गर्भपात किए जाने का मामला सामने आया। इसके अलावा हाल ही में एक और 13 वर्षीय किशोरी ने स्वयं आगे आकर गर्भपात की जानकारी पुलिस को दी है। इस तरह से कुल 3 और गर्भपात के मामले सामने आए जिसमें एक दुराचार पीड़िता भी शामिल है। इन मामलों के सामने आने के बाद कोतवाली और महिला थाने में दो प्रकरण दर्ज किए गए हैं। एक मामले में जांच चल रही है।
एसपी ने बताया कि आमला थाना क्षेत्र की नाबालिग का गर्भपात किए जाने के मामले सामने आने के बाद धीरे-धीरे और भी मामले सामने आने लगे है। लोगों को जैसे-जैसे जानकारी लगती जा रही है वे सीधे पुलिस से संपर्क कर रहे हैं। इधर डॉक्टर वंदना कापसे की संपत्ति की जानकारी भी पुलिस द्वारा जुटाई जा रही है। इसमें नियमानुसार कार्यवाही प्रस्तावित की जाएगी।
दो सोनोग्राफी मशीन जब्त, एक थी अवैध
एसपी ने बताया कि करूणा अस्पताल से स्वास्थ्य विभाग द्वारा दो सोनोग्राफी मशीनें जब्त की है। जिसमें से एक सोनोग्राफी मशीन अवैध पाई गई और एक सोनोग्राफी का रजिस्ट्रेशन पाया गया। जो सोनोग्राफी मशीन वैध पाई गई है उस मशीन से लगभग 400 से 500 सोनोग्राफी होना पाया गया है। अवैध मशीन से कितनी सोनोग्राफी हुई है, उसकी जांच जारी है। जांच पूरी होने के बाद और भी मामले सामने आने की संभावना है।
एसपी का कहना है कि जितनी भी सोनोग्राफी हुई है, उसमें यह बात सामने आई है कि पहली बार सोनोग्राफी कराने वाली महिलाओं की संख्या ज्यादा है। सोनोग्राफी कराने वाली महिलाओं की लिस्ट पुलिस को मिल गई है। इन सभी महिलाओं से संपर्क कर सोनोग्राफी के संबंध में जानकारी ली जाएगी।
300 फीट गहरे बोरवेल में मिला भ्रूण
पुलिस के मुताबिक आमला थाना क्षेत्र की नाबालिग का गर्भपात होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और भ्रूण के बारे में जानकारी जुटाई गई। जिसमें गर्भपात कराने वाली डॉ. वंदना कापसे ने बताया था कि गर्भपात के उपरांत भ्रूण को आरोपी प्रकाश के माता-पिता दिया गया था। पुलिस ने आरोपी की मां माया बाई और पिता राजेन्द्र भोजेकर को पूछताछ के लिए रिमांड पर लिया गया।
इस दौरान पूछताछ की गई तो आरोपी के माता-पिता ने बताया कि गर्भपात के बाद भ्रूण को उन्हीं के मकान के पीछे खोदे गए 300 फीट सूखे शासकीय बोरवेल में डाल दिया गया। पुलिस ने आरोपियों के बताए गए स्थान पर पहुंचकर बोरवेल से भ्रूण को बरामद किया है। भ्रूण का आमला सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में पोस्टमार्टम किया गया। भ्रूण को डीएनए टेस्ट के लिए भी भेजा जाएगा।



