IPL Satta: बैतूल में पकड़ाया IPL का सट्टा, दो आरोपी गिरफ्तार, अन्य आरोपियों का सुराग लगा रही साइबर सेल

IPL क्रिकेट लीग का आगाज होते ही क्रिकेट का सट्टा संचालन करने वाले सटोरिये भी सक्रिय हो जाते हैं। जो कम रुपये के बदले अधिक रुपये देने का लालच देकर ऑनलाइन क्रिकेट का सट्टा संचालित कर नई युवा पीढ़ी को गलत रास्ते पर धकेल कर उनका भविष्य खराब कर देते हैं।
इन सटोरियों पर नकेल कसने के लिये पुलिस अधीक्षक बैतूल के व्दारा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में एक टीम गठित कर कार्यवाही करने हेतु निर्देशित किया गया था। इसी तारतम्य में एसडीओपी बैतूल के मार्गदर्शन में पुलिस थाना कोतवाली व्दारा 2 अप्रैल 2022 को आईपीएल टीम गुजरात टाईटन्स बनाम देहली केपीटल्स के मैच का ऑनलाईन सट्टा संचालित कर रहे गिरोह के 2 सदस्यों को पकडकर 60000 रूपये का मशरुका जप्त करने में सफलता प्राप्त की है।
पुलिस के अनुसार यह सटोरिए गुजरात टाईटन्स बनाम देहली केपीटल्स के आईपीएल मैच पर कम रुपये के बदले अधिक रुपये देने का प्रलोभन देकर अवैध क्रिकेट सट्टा संचालित कर रहे थे। मौके पर मोबाईल जप्त कर गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों से जप्त मोबाइलों की साईबर सेल से जानकारी प्राप्त की जा रही है। उक्त आरोपियों के विरूद्ध थाना कोतवाली में धारा 4 (क) सट्टा अधिनियम व 66 आईटी एक्ट का पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। साईबर सेल से जानकारी प्राप्त होने पर बड़े सट्टोरियों के नामों का खुलासा होने की संभावनाएँ है।
पकड़े गए आरोपियों में हिमांशु पिता राजकुमार दुबे निवासी गोठी कालोनी बैतूल और पंकज पिता चन्द्रकात नाईक निवासी मोती वार्ड बैतूल शामिल हैं। इनके पास से तीन मोबाईल, नगदी राशि, केलकुलेटर और हिसाब की डायरी जब्त की गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी कोतवाली अपाला सिंह, एसआई वंशज श्रीवास्तव, मोहित दुबे, नितिन पटेल आरक्षक सोनू, विकास जैन, नवनीत, राजेन्द्र धाडसे, सैनिक विजय का महत्वपूर्ण योगदान रहा।



