Meteorite : आसमान में भी नजर आया नए साल का जश्न, जगमगा उठा रंगीन रोशनी की कतार से, विशेषज्ञ बोले- यह विशेष खगोलीय घटना
• उत्तम मालवीय, बैतूल
बैतूल जिले भर में आज आसमान में भी हिंदू नव वर्ष के जश्न का नजारा नजर आया। बैतूल शहर समेत जिले के कई स्थानों पर आसमान में रंगीन चमकदार रोशनी की कतार देखी गई। लोगों ने इस अद्भुत खगोलीय घटना के वीडियो भी बनाए। इधर विशेषज्ञों ने इसे एक विशेष खगोलीय घटना बताया है।
बैतूल जिले के कई हिस्सों में शनिवार शाम 7 बजे आसमान में एक चमकती रहस्यमयी रोशनी की कतार देखी गई। इस रोशनी ने लोगों को अचरज में डाल दिया। इसमें रॉकेट की तरह एक चमकदार रोशनी आगे चल रही थी। उसके पीछे फिर और भी 5-6 रोशनियों की कतार चल रही थीं। लोग समझ ही नहीं पा रहे थे कि यह क्या चीज है।
लोगों ने इस रहस्यमयी घटना के वीडियो भी बनाए और जानने का प्रयास करते रहे कि आखिर यह है क्या। इस रोशनी को देखकर लोग डर भी गए। इसके साथ ही कयासों का दौर भी शुरू हो गया था। किसी का कहना था कि रॉकेट निकल रहा है तो किसी का कहना था कि यह उल्का पिंड है जो टूटकर बिखर गया जो जलता हुआ दिख रहा है।
आज से नवरात्र भी चालू हुए हैं। जगह-जगह शोभायात्रा और जुलूस भी निकल रहे थे। ऐसे में कुछ लोगों का यह मानना भी था कि यह डीजे की कोई पावरफुल लाइट होगी। इसके बावजूद लोगों की जिज्ञासा खत्म नहीं हुई और वे यह जानने की करते रहे कि आखिर यह कौन सी चीज है।
आम लोगों की इसी जिज्ञासा को शांत करने इस संबंध में ‘ बैतूल अपडेट’ ने नेशनल अवार्ड प्राप्त विज्ञान प्रसारक सारिका घारू से चर्चा की। उन्होंने बताया कि आज शाम आकाश में एक रोमांचक खगोलीय घटना देखने को मिली। जिसमें पश्चिम से पूर्व की ओर जाती जलती हुई पूछ चमकदार हेड के साथ कुछ देर आकाश में रही। इसकी दो संभावनाएं थी कि ये अंतरिक्ष कचरा जिसे स्पेस डेबरिज कहते हैं, होगा। दूसरी संभावना एस्ट्रॉइड उल्का की थी। मैंने भी इसे इस घटना को सोहागपुर नर्मदापुरम के आकाश में देखा। वीडियो का बारीकी से निरीक्षण करने पर यह उल्का पिंड सिद्ध हुआ। आमतौर पर इस प्रकार के उल्का पिंड नहीं आते हैं। अतः यह एक विशेष खगोलीय घटना थी। आज जो उल्का नजर आए उनका नाम 2022FQ, 2016GW221 साइज 40 मीटर, 2022FE2, 2021GNI, 2022 FGI उल्का का साइज 19 से 40 मीटर था।




