पोल पर चढ़ा था बिजली कर्मी, उसी बीच कुल्हाड़ी लेकर आ धमका युवक, जैसे-तैसे भाग कर बचाई जान

बिजली विभाग के कर्मचारियों के लिए इधर कुआं, उधर खाई वाली स्थिति बन गई है। एक तरफ वसूली के लिए अफसरों का भारी दबाव है। वसूली न करें तो उन पर गाज गिरना तय है। दूसरी ओर वसूली के लिए जाने पर उनकी जान पर बन आ रही है। ऐसे ही एक घटनाक्रम में मुलताई क्षेत्र के साईंखेड़ा खुर्द गांव में 2 कर्मचारियों के पीछे एक युवक कुल्हाड़ी लेकर दौड़ पड़ा। इस स्थिति में कर्मचारियों को जैसे-तैसे भाग कर जान बचाना पड़ा। इसके बावजूद एक कर्मचारी के साथ युवक ने झूमाझटकी कर ही ली। मामले की शिकायत पुलिस में की गई है।
वितरण केंद्र मासोद के स्थायीकर्मी देवराव पवार ने अपनी शिकायत में बताया कि वे कुशल श्रमिक दिलीप धोटे के साथ ग्राम साईंखेड़ा खुर्द में उच्चाधिकारी के निर्देश पर राजस्व वसूली और फ्यूज ऑफ काल का कार्य करने गए थे। इसी बीच ग्राम का सुमरत सोनारे वहां कुल्हाड़ी लेकर आया और गाली-गलौज करने लगा। वह कुल्हाड़ी से जान से मारने की धमकियां देने लगा। मैं पोल पर चढ़ा था। धमकियों से डर कर नीचे उतरा तो सुमरत मुझे गाली देते हुए कॉलर पकड़ कर मारने लगा।
वहां से जैसे-तैसे हम दोनों कर्मचारी अपनी जान बचाकर भागने लगे तो सुमरत ने लोहे के पाइप से वार किया। हम गाड़ी पर बैठ गए थे। इसी बीच छीना झपटी में मेरी शर्ट का ऊपर का जेब फट गया। जेब में राजस्व वसूली के लगभग 6500 रुपये और केस स्ट्रीप्स थी, वे भी घटनास्थल पर गिर गए। हम जैसे-तैसे वहां से अपनी जान बचाकर भागे। यदि कर्मचारी वहां से सतर्कता बरतते हुए भागते नहीं तो उनके साथ कोई घटना हो जाती।
कर्मचारियों ने घटना की शिकायत कंपनी के अधिकारियों के साथ ही पुलिस थाना आठनेर में भी की है। इस घटना से बिजली कर्मचारियों में खासी दहशत है। अब उन्हें ग्रामीण क्षेत्र में विभागीय कार्यों से जाने में डर लगने लगा है। उनका कहना है कि पता नहीं उनके साथ भी कब, कहां ऐसी कोई घटना घट जाए।



