खबर का असर: MPRDC ने शुरू किया परतवाड़ा स्टेट हाइवे पर सुधार कार्य

खेड़ी-परतवाड़ा स्टेट हाइवे (SH) से सफर करने वालों के लिए राहत की खबर है। ‘बैतूल अपडेट’ द्वारा इस मार्ग की बदहाली और इस पर कदम-कदम पर मौजूद खतरों की कहानी प्रकाशित किए जाने के बाद MPRDC ने इस पर सुधार कार्य शुरू कर दिया है। ‘बैतूल अपडेट’ ने विगत 23 फरवरी को ‘इस हाइवे पर सफर कर रहे हो तो सावधान, कदम-कदम पर है मौत का इंतजाम’ शीर्षक से प्रमुखता से यह मुद्दा उठाया था।
इसके बाद 3 मार्च से मध्यप्रदेश सड़क विकास निगम (MPRDC) ने इस स्टेट हाइवे पर सुधार कार्य शुरू कर दिया है। पहले चरण में मार्ग के किनारे खतरनाक तरीके से अस्त-व्यस्त पड़ी रैलिंग को व्यवस्थित किया जा रहा है। सुबह से ही कर्मचारियों द्वारा यहां टूट-फूट चुकी रैलिंग को दुरुस्त कर व्यवस्थित रूप से लगाया जा रहा है। इससे एक ओर जहां वाहन चालकों को सुरक्षा मिलेगी वहीं दूसरी ओर कोई हादसा भी होता है तो से सीधे जान जाने का खतरा नहीं रहेगा।

इस हाइवे पर सफर कर रहे हो तो सावधान, कदम-कदम पर है मौत का इंतजाम
उल्लेखनीय है कि परतवाड़ा स्टेट हाइवे के खेड़ी से झल्लार तक के हिस्से में यह सड़क बदहाल हो चुकी है। इस मार्ग पर लोहे की रैलिंग दुर्घटनाओं में जगह-जगह टूट गई है। सबसे खतरनाक बात यह थी कि रैलिंग में लगाई गई धारदार लोहे की पट्टियां और खम्भे खतरनाक तरीके से खुले पड़े थे। यदि हादसा हो और कोई यात्री इन पर गिरे तो उसकी सीधे मौत होना निश्चित था।
रैलिंग को सुधारना तो दूर, इन्हें सुरक्षित एक ओर तक नहीं रखा गया था। ‘बैतूल अपडेट’ द्वारा यह मुद्दा उठाए जाने पर अब इन्हें व्यवस्थित किया जा रहा है। जिससे यह बड़ा खतरा अब नहीं रहेगा। रैलिंग व्यवस्थित रूप से लगते देख मार्ग से गुजरने वाले वाहन चालकों ने भी राहत की सांस ली है।



