वीडियो में देखें महिला से बेरहमी: लात मार कर दुकान का सामान फेंका, विरोध करने पर गिराया
बैतूल जिले में एक महिला दुकानदार के साथ बेरहमी का वीडियो वायरल हो रहा है। एक महिला सब्जी बेचने के लिए आती है। उसने एक होटल के सामने फट्टा बिछा लिया और अपनी दुकान लगा रही है। इसी बीच होटल से एक व्यक्ति निकल कर आता है और उसकी सब्जियों को पांव मार कर फेंकना शुरू कर देता है। उसके हाथ में एक छड़ी जैसी लकड़ी भी है। वह कुछ ही देर में पूरी सब्जी अस्त-व्यस्त और खराब कर देता है। महिला उसका विरोध करती है। इसी बीच वह व्यक्ति महिला द्वारा बिछाया गया फट्टा भी खींच देता है। इससे महिला दुकानदार गिर जाती है। उस व्यक्ति की यह हरकत देख कर महिला आसपास मौजूद लोगों से वीडियो बनाने की गुहार लगाती है। वहीं दुकानदार उसे धमकाते हुए नजर आ रहा है।

बताया जाता है कि यह वीडियो भीमपुर का है। यह पूरा घटनाक्रम रविवार को भीमपुर बस स्टैंड पर घटने का दावा किया जा रहा है। जिस महिला के साथ यह बेरहमी हुई वह महिला इमलीढाना की सुजाता नर्रे बताई जा रही है। बताते हैं कि इसके बाद महिला शिकायत करने भीमपुर पुलिस चौकी भी गई थी। लेकिन चौकी में उस समय किसी के भी मौजूद नहीं होने से शिकायत नहीं कर सकी। अब जयस द्वारा इस मुद्दे को लेकर आंदोलन करने की तैयारी है।

यह वीडियो एक व्हाट्सएप ग्रुप में रविवार शाम 6.05 बजे ग्रुप के एक सदस्य श्रवण उइके ने पोस्ट किया था। श्रवण आदिवासी वर्ग के हितों के लिए काम करने वाले संगठन ‘जयस’ के पदाधिकारी बताए जाते हैं। उसके बाद 6.06 बजे उन्होंने एक फोटो पोस्ट की। इसमें महिला बेंच पर बैठी है। पीछे एक मकान है, जिसका दरवाजा बंद है। फोटो के बारे में उन्होंने लिखा है कि ‘रिपोर्ट दर्ज कराने गए तो चौकी मिला बंद।’
इसके बाद रात 8.56 बजे श्रवण ग्रुप में लिखते हैं कि मध्य प्रदेश जिला बैतूल विकासखंड भीमपुर जो कि आदिवासी अंचल है। यहां पर एक महिला अपने जीवन यापन के लिए सब्जी का स्टॉल लगाती है और अपने परिवार का भरण पोषण करती है। आज उसको दुकान नहीं लगाने दी जाती है। आप वीडियो के माध्यम से देख सकते हैं कि उसके साथ किस प्रकार का व्यवहार किया जा रहा है। आज भी हम आदिवासी कहीं ना कहीं सुरक्षित नहीं है।
भीमपुर में प्रशासन को न जाने कितने बार सामाजिक संगठन के माध्यम से अवगत करवाया गया कि जो जमीन अतिक्रमण पर है आप उसे खाली करवाए। लेकिन आज तक भीमपुर प्रशासन ने किसी प्रकार की कोई कार्यवाही नहीं की है। प्रशासन को इस वीडियो के माध्यम से उनके कानों तक आवाज पहुंचा रहे हैं कि अगर कार्यवाही नहीं होती है तो बहुत बड़े अंजाम को हम यहां चुनौती देने वाले हैं। जिसकी पूर्ण जिम्मेदारी भीमपुर लोकल प्रशासन की होगी।



