सदर बाजार से थोक में उड़ाए मोबाइल, लोगों ने एक नाबालिग समेत दो संदिग्धों को पकड़ा

बैतूल। शहर का सदर स्थित साप्ताहिक बाजार में सब्जी खरीदने आए कई लोगों के मोबाइल यहां सक्रिय चोरों ने उड़ा दिए। यह लोग शिकायतें लेकर पुलिस थाना पहुंच रहे हैं। खबर लिखे जाने तक ही दर्जन भर से ज्यादा लोग शिकायत लेकर पहुंच चुके हैं। बताया जाता है कि लोगों ने दो संदिग्धों को पकड़ा है। जिनमें से एक नाबालिग है। इन्हें पुलिस के सुपुर्द किया गया है।
शहर के सदर में लगने वाले साप्ताहिक बाजार से वैसे तो मोबाइल चोरी होते ही रहते हैं। लेकिन बताया जाता है कि आज यहाँ से काफी संख्या में मोबाइल चुराए गए हैं। एक-एक कर जब कई लोगों के मोबाइल गायब हो गए तो लोग सक्रिय हुए और उन्होंने दो संदिग्धों को पकड़ा है।
इनमें से एक नाबालिग बताया जा रहा है। लोग इन्हें थाना लेकर पहुंचे हैं। इसके साथ ही लोग मोबाइल चोरी की शिकायत लेकर भी पहुंच रहे हैं। अभी तक दर्जन भर से ज्यादा लोगों के मोबाइल चोरी की शिकायत लेकर पहुंच चुकने की जानकारी मिली है। हाल ही में खेड़ी सांवलीगढ़ साप्ताहिक बाजार से भी एक लाइनमैन का मोबाइल चोरी हुआ था।



