बड़ी खबरेंदेश/विदेशबैतूल अपडेटमध्यप्रदेश अपडेट

वन विभाग में यह क्या चल रहा… अफसर ही कटा रहे जंगल… शिकायत पर दे रहे धमकी…

  • उत्तम मालवीय, बैतूल
    ऐसा लग रहा है कि इन दिनों जिले का वन विभाग भगवान भरोसे चल रहा है। पिछले दिनों एक वन सुरक्षा समिति अध्यक्ष ने शिकायत कर रेंजर से लेकर मैदानी अमले तक की शिकायत कर गम्भीर आरोप लगाए थे। उनकी जांच होना तो दूर उल्टे शिकायत करने वाले को ही धमकाया जा रहा है। इसी कड़ी में अब एक नाकेदार ने ही शिकायत कर यह सनसनीखेज आरोप लगाया है कि खुद रेंजर, डिप्टी रेंजर और नाकेदार अवैध कटाई कर लकड़ी ले जा रहे थे। इसका वीडियो भी उसके पास है। विभाग के आला अफसरों को ऐसी गम्भीर शिकायतों पर ध्यान देकर निष्पक्षता से जांच कर उचित कार्यवाही करना चाहिए। ताकि कम से कम विभाग की प्रतिष्ठा तो बची रहे।

    उल्लेखनीय है कि शुक्रवार को चिचोली रेंज की डढारी बीट में पदस्थ वनरक्षक ने रेंजर, नाकेदार और डिप्टी रेंजर के खिलाफ धमकाने का आरोप लगाया है। इसकी शिकायत वनरक्षक ने सीसीएफ से की है। वनरक्षक दिलीप नागले ने अपने शिकायती आवेदन में बताया कि डढारी बीट समिति अध्यक्ष, सचिव द्वारा विगत दिनों समिति का पैसा गबन करने एवं अवैध तरीके से वन कटाई का आरोप लगाया था।

    शिकायत के मुताबिक इस मामले में वन परिक्षेत्र अधिकारी चिचोली सुरेश सोनवंशी द्वारा एसडीओ कार्यालय बैतूल में वन ग्राम डढारी के गांव पटेल को डराया धमकाया गया। कोर्ट, कचहरी सहित जेल भेजने की धमकी दी। परिक्षेत्र सहायक डढारी लक्ष्मण काजले एवं बीट प्रभारी बुचाखेड़ा लखनलाल राठौर को डढारी भेजकर लगातार शिकायत करने वाले को शिकायत वापस लेने के लिये डराया धमकाया जा रहा है।

    वनरक्षक ने बताया कि अवैध काम करने के बावजूद उन्हें और समिति अध्यक्ष, सचिव को धमकी दी जा रही है। दिलीप नागले ने बताया कि विगत दिनों उन्होंने कटाई का लिखित आवेदन दिया था, इसके बावजूद जंगल कटवाने वाले अधिकारियों पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही है।

    वनरक्षक का कहना है कि उनके द्वारा पूरी निष्ठा तथा ईमानदारी से वन तथा वन्य प्राणी की सुरक्षा करने के साथ ही कई कार्यों में विशेष सहयोग देने के बाद भी उन पर झूठे आरोप लगाकर सेवा समाप्त, सस्पेंड तथा बिना प्रमाणक चार्ज करने की धमकी दी जा रही है। 2017 से आर्थिक, मानसिक तथा सामाजिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है।

    लकड़ी परिवहन के वीडियो भी उपलब्ध

    लिखित आवेदन-निवेदन पर किसी भी प्रकार की सुनवाई नहीं हो रही है। वनरक्षक ने बताया कि रेंजर नाकेदार और डिप्टी रेंजर द्वारा सागौन की लकड़ी ट्रैक्टर ले जाने का वीडियो उनके पास उपलब्ध है। साथ ही डढारी बीट समिति से फर्जी प्रमाणक प्रस्ताव बनाकर पैसे निकालने का बैंक स्टेटमेंट भी उपलब्ध है। साक्ष्य के आधार पर उन्होंने उचित कार्रवाई करने की मांग की है।

  • उत्तम मालवीय

    मैं इस न्यूज वेबसाइट का ऑनर और एडिटर हूं। वर्ष 2001 से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। सागर यूनिवर्सिटी से एमजेसी (मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन) की डिग्री प्राप्त की है। नवभारत भोपाल से अपने करियर की शुरुआत करने के बाद दैनिक जागरण भोपाल, राज एक्सप्रेस भोपाल, नईदुनिया और जागरण समूह के समाचार पत्र 'नवदुनिया' भोपाल में वर्षों तक सेवाएं दी। अब इस न्यूज वेबसाइट "Betul Update" का संचालन कर रहा हूं। मुझे उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए प्रतिष्ठित सरोजिनी नायडू पुरस्कार प्राप्त करने का सौभाग्य भी नवदुनिया समाचार पत्र में कार्यरत रहते हुए प्राप्त हो चुका है।

    Related Articles

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *

    Back to top button