शाजापुर से बैतूल आकर चोरी करते थे वाहन, तीन चोरियों का हुआ खुलासा

बैतूल कोतवाली पुलिस ने वाहन चोरी के 3 मामलों का खुलासा करने में सफलता हासिल की है। इन मामलों में शाजापुर जिले की पीपलामण्डी पुलिस ने 3 चोरों को गिरफ्तार कर उनके पास से 2 चोरी के वाहन और एक वाहन का इंजन बरामद किया हैं। यह लोग बैतूल आकर रैकी करते थे और वाहनों की चोरी करते थे। अब इन्हें बैतूल पुलिस द्वारा अभिरक्षा में लेकर अन्य चोरियों के बारे में पूछताछ की जाएगी।
कोतवाली टीआई अपाला सिंह ने बताया कि फरीयादी अब्दुल सरवर पिता अब्दुल सलाम ने रिपोर्ट की थी कि अज्ञात व्यक्ति द्वारा उसकी होण्डा मोसा के एमपी-48/एमव्ही-6715 चोरी कर ली है। शिवकुमार उइके पिता रमेश उइके की मोटर साइकिल एमपी-48/एमसी-6991 और पियुष पिता प्रेमशंकर राठौर की हीरो होंडा मोटर साइकिल एमपी-48/एमसी-7651 भी चोरी कर ली गई थी। रिपोर्ट पर थाना कोतवाली बैतूल में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
इस पर थाना प्रभारी कोतवाली अपाला सिंह द्वारा आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु टीम गठित की गई। जिसमें एसआई संदीप परतेती, एएसआई राममनोहर, अवधेश वर्मा, हेड कॉन्स्टेबल प्रहलाद, कॉन्स्टेबल अनिरुद्ध शामिल थे। वाहन एवं आरोपी की तलाश पतारसी हेतु मुखबिर सूचना प्राप्त हुई कि बाहर जिले से आए मुसाफिरों द्वारा बैतूल में रहकर क्षेत्र की रैकी कर वाहन चोरी कर ले जाए गए हैं।
इस सूचना पर ज्ञात हुआ कि जिला शाजापुर थाना पिपलामंडी थाने पर इन तीनों वाहनों को बरामद किया गया है। जिसमें आरोपी बिलाल खा पिता सिराज खा निवासी मंगरिया इस्लामपुरा शुजालपुर मंडी कालापीपल शाजापुर, असार खा पिता ताजु खा निवासी मंगरिया इस्लामपुरा शुजालपुर मंडी कालापीपल शाजापुर एवं रहीस खा पिता शेख वहीद खा निवासी धनाना थाना सलसलाई हाल मुकाम फदालीपुरा शुजालपुर मंडी कालापीपल शाजापुर को गिरफ्तार किया गया है।
पकड़े गए आरोपियों ने पुलिस को बताया है कि हमारे द्वारा मोटर साइकिलों को चुराकर उनके अलग-अलग पाटर्स कर बेचा जाता है। वाहन क्रमांक एमपी-48/एमव्ही-6715 के सारे पार्ट्स बेच दिये गये हैं सिर्फ इंजन ही बचा है। इस पर आरोपियों को बैतूल पुलिस अभिरक्षा में लिया जाकर अन्य प्रकरणों में पूछताछ की जाएगी।



