विधायक डागा का सनसनीखेज खुलासा: बैतूल में भी पेगासस कांड, 52 लोगों की निकाली सीडीआर
बैतूल विधायक निलय डागा ने शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में सनसनीखेज खुलासा किया है। उन्होंने कहा कि बैतूल में भी पेगासस कांड हुआ है। गंभीर आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि बैतूल पुलिस ने अवैध तरीके से जिले के 52 जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों और पत्रकारों की सीडीआर निकलवाई है।

विधायक श्री डागा ने कहा कि बगैर एफआईआर हुए किसी की भी सीडीआर नहीं निकाली जा सकती है। ऐसे में पुलिस ने सभी को कहीं ना कहीं किसी ना किसी मामले का आरोपी बताकर सीडीआर निकलवाई है। इसमें उनका भी नाम शामिल हैं और सांसद डीडी उइके का भी। उन्होंने सवाल खड़ा किया कि पुलिस ने आखिर इनकी सीडीआर क्यों निकलवाई? क्या पुलिस ब्लैकमेल करना चाहती है या डराना चाहती है?

श्री डागा ने कहा कि इस मामले की जांच होनी चाहिए। इसके लिए उन्होंने डीजीपी को शिकायत की है। उन्होंने शिकायत में मांग की है कि इस बात की जांच की जाएं कि किसके आदेश पर यह सीडीआर निकलवाई गई है और उक्त अधिकारी को टर्मिनेट किया जाए। उन्होंने आगे कहा कि वे इस मुद्दे को लेकर धरने पर बैठेंगे, विधानसभा में उठाएंगे और फिर भी कुछ नहीं होता है तो कोर्ट में भी जाएंगे। इस मुद्दे को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ से भी चर्चा की गई है। कांग्रेस पूरे प्रदेश में यह मुद्दा उठाएगी।
पुलिस पर आरोपों की लगाई बौछार
विधायक श्री डागा ने पुलिस पर लगातार हमले जारी रखते हुए आगे कहा कि जिले में कानून व्यवस्था बिल्कुल लचर हो चुकी है। लगातार चोरियां, डकैती, हत्या के मामले बढ़ रहे हैं। एटीएम कांड में ना रुपये बरामद हुए और ना ही आरोपी गिरफ्तार हुए। एक ड्राइवर भर को पुलिस ने पकड़ा, जिसकी रिमांड खत्म हो गई पर कोई जानकारी नहीं। शहर में युवतियों और बालिकाओं का सड़क पर निकलना मुश्किल है। पुलिस का इस ओर कोई ध्यान नहीं है बल्कि वह झूठी वाहवाही लूटने में लगी है।

पुलिस म्यूजियम पर भी साधा निशाना
श्री डागा ने रानीपुर में बने पुलिस म्यूजियम पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बिना अनुमति के म्यूजियम बना दिया। थाने के जीर्णोद्धार के लिए 7 लाख आए थे तो 50 लाख का म्यूजियम कैसे बन गया। उन्होंने पुलिस से यह खुलासा करने की मांग की कि इसके लिए किस-किस से रुपये लिए।
आईसीयू में नियुक्त करें डॉक्टर और नर्स
विधायक श्री डागा ने जिला अस्पताल और आईसीयू में रिक्त पड़े डॉक्टर व नर्सों के पद पर नियुक्ति करने के साथ ही उपस्वास्थ्य केंद्रों में भी पर्याप्त स्टाफ मुहैया कराने, ग्राम रोजगार सहायकों को नियमित करने, 35 साल की सेवा के बावजूद पदोन्नत नहीं किये गए सहायक शिक्षकों को पदोन्नत करने की मांग भी की।
धार्मिक मेलों को भी प्रदान की जाएं छूट
विधायक श्री डागा ने कहा कि कल हो रहे कार्यक्रम में सरकार के करोड़ों रुपये की बर्बादी कर 10 हजार लोगों को जमा किया जा रहा है। इसलिए जिले में लगने वाले धार्मिक मेलों को भी छूट प्रदान की जाएं। उन्होंने कल के आयोजन को बीमा कम्पनी द्वारा दी जा रही राशि का झूठा श्रेय खुद लेने का सरकार पर आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि बीमा राशि तो कम्पनी दे रही है। सरकार केवल श्रेय लूट रही है। उन्होंने गढ़ा डैम के डूब प्रभावितों को चार गुना मुआवजा देने की मांग भी उठाई।



