Betul Development Inspection: बैतूल में कलेक्टर का बड़ा एक्शन: जर्जर सड़क और घटिया निर्माण पर होगी वसूली, अधिकारियों पर गिरी गाज
Betul Development Inspection: Collector takes major action in Betul: recovery will be made for dilapidated roads and poor construction, officials have been punished.

Betul Development Inspection: बैतूल जिले के चिचोली विकासखंड के विभिन्न गांवों के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने विकास कार्यों की गुणवत्ता को लेकर कड़ा रुख अपनाया। कई स्थानों पर निर्माण कार्यों में अनियमितताएं और लापरवाही सामने आने पर उन्होंने सोशल ऑडिट, वसूली, नोटिस और सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। ग्रामीणों की समस्याएं सुनते हुए उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि विकास कार्यों में गुणवत्ता और जनसमस्याओं के समाधान से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
चिचोली क्षेत्र के गांवों का किया निरीक्षण
कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने चिचोली विकासखंड के विभिन्न ग्रामों का दौरा कर विकास कार्यों की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने ग्राम बारंगवाड़ी, वीरपुर, बिगवा, नसीराबाद सहित कई गांवों में पहुंचकर निर्माण कार्यों, पेयजल व्यवस्था, आंगनवाड़ी, शिक्षा और अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की।
बारंगवाड़ी में सड़क की खराब हालत पर जताई नाराजगी
ग्राम बारंगवाड़ी में मुख्य सड़क से आंगनवाड़ी तक बनाई गई सड़क का निरीक्षण करते समय कलेक्टर ने उसकी खराब स्थिति पर गहरी नाराजगी व्यक्त की। निरीक्षण में पाया गया कि सड़क का निर्माण हुए केवल तीन वर्ष ही हुए हैं, लेकिन वह पूरी तरह जर्जर अवस्था में पहुंच चुकी है।

इस संबंध में उन्होंने जनपद पंचायत के उपयंत्री और ग्राम सचिव से जानकारी ली। सड़क की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए कलेक्टर ने पूरे मामले का सोशल ऑडिट कराने के निर्देश दिए। साथ ही संबंधित सचिव और उपयंत्री से निर्माण कार्य में खर्च हुई राशि की वसूली करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने ग्राम बारंगवाड़ी के सचिव को हटाने के निर्देश भी दिए।
आंगनवाड़ी भवन में मिली गंभीर खामियां
बारंगवाड़ी स्थित आंगनवाड़ी भवन के निरीक्षण के दौरान भी कई गंभीर कमियां सामने आईं। भवन का निर्माण गुणवत्ताविहीन पाया गया। निरीक्षण में स्टेरिंग लटकी हुई मिली तथा खिड़कियां भी खराब और जर्जर स्थिति में पाई गईं।
कलेक्टर ने उपयंत्री को निर्देश दिए कि भवन में आवश्यक सभी सुधार कार्य तत्काल कराए जाएं। साथ ही प्रवेश द्वार से आंगनवाड़ी तक व्यवस्थित फ्लोरिंग बनाने के लिए भी कहा गया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सुधार कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही सामने आती है तो संबंधित उपयंत्री के विरुद्ध सेवा समाप्ति की कार्रवाई की जाएगी।

ग्रामीणों की ट्रांसफार्मर समस्या के समाधान के निर्देश
बारंगवाड़ी में निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों ने ट्रांसफार्मर से जुड़ी समस्याओं को कलेक्टर के सामने रखा। इस पर उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि समस्या का जल्द से जल्द निराकरण सुनिश्चित किया जाए ताकि ग्रामीणों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
वीरपुर में पौधरोपण की विशेष कार्ययोजना बनाने को कहा
भ्रमण के दौरान कलेक्टर ग्राम वीरपुर भी पहुंचे। यहां उन्होंने पहाड़ी क्षेत्र की भौगोलिक और पर्यावरणीय परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए स्थानीय जैव अनुकूलता के अनुरूप पौधरोपण की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि पौधरोपण केवल संख्या बढ़ाने का कार्य नहीं होना चाहिए, बल्कि स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार ऐसे पौधे लगाए जाएं जो लंबे समय तक सुरक्षित और संरक्षित रह सकें।
बिगवा के चेकडैम का किया निरीक्षण
इसके बाद कलेक्टर ने ग्राम बिगवा पहुंचकर नव निर्मित चेकडैम का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण की गुणवत्ता का परीक्षण किया और अधिकारियों को चेकडैम के गहरीकरण तथा चौड़ीकरण के लिए आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण से जुड़े कार्यों को मजबूत बनाना आवश्यक है ताकि भविष्य में ग्रामीण क्षेत्रों को पर्याप्त जल उपलब्ध हो सके।

अधिकारियों को दिए जनसमस्याओं के त्वरित निराकरण के निर्देश
चिचोली जनपद स्तर पर आयोजित समीक्षा बैठक में कलेक्टर डॉ. सोनवणे ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गांवों का निरीक्षण केवल औपचारिकता तक सीमित न रहे। अधिकारी ग्रामीणों से सीधे संवाद स्थापित करें और स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल तथा अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं को समझकर उनके समाधान के लिए गंभीरता से कार्य करें। बैठक में विभिन्न गांवों में निरीक्षण के दौरान सामने आई समस्याओं और विकास कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
बेटुआ, विघवा और पंचायत विहीन गांवों की हुई समीक्षा
ग्राम बेटुआ में स्कूल, आंगनवाड़ी, सार्वजनिक वितरण प्रणाली और पेयजल व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा की गई। वहीं ग्राम विघवा में पेयजल प्रबंधन को और बेहतर बनाने तथा पंचायत की कार्ययोजना को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए गए। पंचायत विहीन गांवों में पंचायत भवन निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करने के लिए भी अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
चुड़िया और हरदू में विकास कार्यों को लेकर निर्देश
ग्राम चुड़िया में निजी भवन में संचालित आंगनवाड़ी की समस्या को गंभीरता से लेते हुए जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास को नया आंगनवाड़ी भवन प्रस्तावित करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही जर्जर नहर की मरम्मत, सीमांकन संबंधी मामलों के निराकरण तथा निर्माण कार्यों का सोशल ऑडिट कराने के निर्देश भी दिए गए। ग्राम हरदू में नल-जल योजना का संचालन संतोषजनक पाए जाने पर संतोष व्यक्त किया गया।
कुतकोही में अनियमितता पर आपराधिक प्रकरण दर्ज करने के निर्देश
ग्राम कुतकोही में पंचायत भवन की बाउंड्रीवाल निर्माण में अनियमितता सामने आने पर कलेक्टर ने संबंधित दोषियों के विरुद्ध आपराधिक प्रकरण दर्ज करने और कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही गांव में चिन्हित सिकल सेल रोगियों के विशिष्ट पहचान प्रमाण पत्र बनवाने के निर्देश भी दिए गए ताकि उन्हें योजनाओं का लाभ आसानी से मिल सके।
जोगली, निवारी और रोझड़ा की समस्याओं पर विशेष ध्यान
ग्राम जोगली में निजी भवन में संचालित आंगनवाड़ी को स्कूल के खाली भवन में स्थानांतरित करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़ी ड्रेनेज समस्या, राशन दुकान एवं आंगनवाड़ी भवन निर्माण, प्राथमिक विद्यालय की छत की मरम्मत तथा पाइपलाइन विस्तार के लिए आवश्यक कार्यवाही करने को कहा गया।
सभी हैंडपंपों पर सोखपिट निर्माण कराने तथा एकलव्य स्कूल में वेस्ट मैनेजमेंट और खेल मैदान की समस्या के समाधान के निर्देश भी दिए गए। ग्राम निवारी में लंबित फौती नामांतरण, समग्र ई-केवाईसी और जन्म-मृत्यु पंजीयन के मामलों को प्राथमिकता से निपटाने को कहा गया। वहीं ग्राम रोझड़ा में आंगनवाड़ी भवन निर्माण, स्कूलों की मरम्मत, जल संरक्षण कार्यों में तेजी लाने और नेटवर्क समस्या के समाधान के निर्देश दिए गए।
कुपोषित बच्चों के स्वास्थ्य सुधार पर जोर
चिरापाटला और चुनाहोजोरी गांवों में कुपोषित बच्चों की स्थिति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने विशेष प्रयास करने के निर्देश दिए। उन्होंने चिकित्सकीय जांच नियमित रूप से कराने और सेम-मेम श्रेणी के बच्चों का शत-प्रतिशत चिन्हांकन सुनिश्चित करने को कहा। ग्राम पाटाखेड़ा में सेम श्रेणी से सामान्य श्रेणी में आने वाले बच्चों का प्रतिशत कम पाए जाने पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।
- यह भी पढ़ें : Betul Collector Inspection: बैतूल में कलेक्टर का बड़ा एक्शन: नोटिस, निलंबन और मौके पर समाधान के निर्देश
स्वास्थ्य और पंचायत विभाग की समीक्षा
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने निर्देश दिए कि पूरे विकासखंड में कोई भी बच्चा टीकाकरण से वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने चाइल्ड डेथ रिव्यू, एनसीडी स्क्रीनिंग और टीबी स्क्रीनिंग की भी समीक्षा कर आवश्यक निर्देश दिए। पंचायत विभाग की समीक्षा के दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना में दस दिनों के भीतर 500 नए पंजीयन सुनिश्चित करने तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के 300 आवास पूर्ण करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा विधायक स्वेच्छानुदान निधि से संचालित कार्यों को गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने, कटकोही के सचिव को लापरवाही पर नोटिस जारी करने, लंबे समय से लंबित निर्माण कार्यों की राशि सरेंडर कराने तथा 15वें वित्त आयोग के अप्रारंभ कार्यों को शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने नोडल अधिकारियों को पंचायतों में संचालित योजनाओं और कार्यक्रमों का नियमित सत्यापन करने के लिए भी कहा।
नसीराबाद में पेयजल समस्या पर उपयंत्री को नोटिस
ग्राम नसीराबाद के पंचायत भवन में आयोजित जनसुनवाई के दौरान कलेक्टर ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। ग्रामीणों ने पेयजल संकट और समय पर कार्रवाई नहीं होने की शिकायत की। मामले को गंभीर मानते हुए कलेक्टर ने संबंधित उपयंत्री के एक वेतन वृद्धि रोकने का नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही गांव में पेयजल व्यवस्था को शीघ्र सुचारू बनाने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया।
- यह भी पढ़ें : MP Higher Education Reforms: एमपी में शिक्षा व्यवस्था में बड़ा बदलाव, नैक की तर्ज पर बनेगी सैक, सीएम मोहन यादव के अहम निर्देश
दोहिया में नल-जल योजना की शिकायत पर कार्रवाई के निर्देश
ग्राम दोहिया में ग्रामीणों ने नल-जल योजना से जुड़ी शिकायतें रखीं। इस पर कलेक्टर ने संबंधित ठेकेदार के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने ग्रामीणों से एक बगिया मां के नाम अभियान, प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना और आजीविका गतिविधियों की जानकारी भी प्राप्त की। उन्होंने एक बगिया मां के नाम अभियान के तहत चल रहे कार्यों को शीघ्र पूरा करने तथा हितग्राहियों को समय पर भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सांदीपनि विद्यालय में विद्यार्थियों से किया संवाद
कलेक्टर डॉ. सोनवणे ने सांदीपनि विद्यालय चिचोली का भी निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय की विभिन्न कक्षाओं का अवलोकन कर शैक्षणिक व्यवस्थाओं की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान विद्यालय का फर्नीचर पुराना पाया गया, जिस पर उन्होंने प्राचार्य को नया फर्नीचर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कक्षा 10वीं और 12वीं के विद्यार्थियों को पाठ्य सामग्री वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। कलेक्टर ने विद्यार्थियों से आत्मीय चर्चा करते हुए उनकी रुचियों, भविष्य की योजनाओं और लक्ष्यों के बारे में जानकारी ली तथा उन्हें अनुशासन, समर्पण और निरंतर मेहनत के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
सोशल मीडिया पर बैतूल अपडेट की खबरें पाने के लिए फॉलो करें-
- हमारे यूट्यूब चैनल पर खबरें देखने के लिए : यहां क्लिक करें
- वाट्सअप चैनल पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- फेसबुक ग्रुप पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- फेसबुक पेज पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- एक्स पर खबरें पाने के लिए: यहां क्लिक करें
देश–दुनिया की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending खबरों के लिए जुड़े रहे betulupdate.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें betulupdate.com



