बैतूल अपडेट

Betul Collector Inspection: बैतूल में कलेक्टर का बड़ा एक्शन: नोटिस, निलंबन और मौके पर समाधान के निर्देश

Betul Collector Inspection: Collector takes major action in Betul: notice, suspension and instructions for on-the-spot resolution

Betul Collector Inspection: बैतूल में कलेक्टर का बड़ा एक्शन: नोटिस, निलंबन और मौके पर समाधान के निर्देश
Betul Collector Inspection: बैतूल में कलेक्टर का बड़ा एक्शन: नोटिस, निलंबन और मौके पर समाधान के निर्देश

Betul Collector Inspection: बैतूल जिले के भीमपुर विकासखंड के गांवों में बुधवार को कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान पेयजल संकट, सड़क, बिजली, स्वास्थ्य, शिक्षा, राशन वितरण और आंगनवाड़ी व्यवस्थाओं से जुड़ी कई शिकायतें सामने आईं। ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने मौके पर ही अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। कुछ मामलों में लापरवाही मिलने पर नोटिस जारी करने और कार्रवाई करने के आदेश भी दिए गए।

डोडाजाम में चौपाल लगाकर सुनी ग्रामीणों की समस्याएं

भीमपुर विकासखंड के ग्राम डोडाजाम पहुंचे कलेक्टर डॉ. सोनवणे ने पंचायत परिसर में आयोजित चौपाल में ग्रामीणों से सीधे संवाद किया। इस दौरान गांव के लोगों ने सबसे पहले पेयजल संकट का मुद्दा उठाया। कलेक्टर ने पाया कि पहले निर्देश दिए जाने के बावजूद पानी की व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ है। इस पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए जनपद पंचायत भीमपुर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को तत्काल व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए।

Betul Collector Inspection: बैतूल में कलेक्टर का बड़ा एक्शन: नोटिस, निलंबन और मौके पर समाधान के निर्देश
Betul Collector Inspection: बैतूल में कलेक्टर का बड़ा एक्शन: नोटिस, निलंबन और मौके पर समाधान के निर्देश

सड़क और डिलीवरी प्वाइंट की समस्या पर दिए निर्देश

ग्रामीणों ने गांवों में सड़क संबंधी समस्याओं की जानकारी भी कलेक्टर को दी। अधिकारियों ने बताया कि ग्राम गर्राधाना और बडगुरी के लिए प्रस्ताव पहले ही तैयार किए जा चुके हैं। वहीं ग्रामीणों ने बताया कि प्रसूति सेवाओं के लिए उन्हें भीमपुर जाना पड़ता है, जिससे काफी परेशानी होती है। इस पर कलेक्टर ने गांव के डिलीवरी प्वाइंट को फिर से शुरू करने के निर्देश दिए ताकि महिलाओं को स्थानीय स्तर पर सुविधा मिल सके।

मातृ और शिशु स्वास्थ्य पर विशेष जोर

कलेक्टर ने चौपाल के दौरान आशा सहयोगी से गर्भवती महिलाओं की स्थिति, संस्थागत और गैर संस्थागत प्रसव की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने मातृ मृत्यु और शिशु मृत्यु के मामलों की भी समीक्षा की। ग्रामीणों को समझाते हुए उन्होंने कहा कि प्रसव हमेशा स्वास्थ्य संस्थानों में ही कराया जाना चाहिए ताकि किसी प्रकार का जोखिम न रहे।

Betul Collector Inspection: बैतूल में कलेक्टर का बड़ा एक्शन: नोटिस, निलंबन और मौके पर समाधान के निर्देश
Betul Collector Inspection: बैतूल में कलेक्टर का बड़ा एक्शन: नोटिस, निलंबन और मौके पर समाधान के निर्देश

घरेलू उपचार के बजाय अस्पताल में इलाज कराने की सलाह

चर्चा के दौरान यह बात सामने आई कि कई बार नवजात बच्चों और प्रसूताओं की तबीयत खराब होने पर भी उन्हें अस्पताल नहीं ले जाया जाता और घरेलू उपचार को प्राथमिकता दी जाती है। इस पर कलेक्टर ने ग्रामीणों को जागरूक करते हुए कहा कि मां और बच्चे का जीवन अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने लोगों से अपील की कि स्वास्थ्य संबंधी किसी भी समस्या को हल्के में न लें और आशा कार्यकर्ताओं की सलाह का पालन करें। आवश्यकता पड़ने पर मरीजों को तुरंत स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया जाए।

आंगनवाड़ी और कुपोषण की स्थिति की समीक्षा

डोडाजाम स्थित आंगनवाड़ी केंद्र में बच्चों को मिलने वाले भोजन और नाश्ते के बारे में भी कलेक्टर ने ग्रामीणों से जानकारी ली। उन्होंने आंगनवाड़ी कार्यकर्ता से कुपोषित तथा अति गंभीर कुपोषित बच्चों की संख्या और उनकी स्थिति के बारे में पूछा। उन्होंने बच्चों के पोषण स्तर में सुधार के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।

Betul Collector Inspection: बैतूल में कलेक्टर का बड़ा एक्शन: नोटिस, निलंबन और मौके पर समाधान के निर्देश
Betul Collector Inspection: बैतूल में कलेक्टर का बड़ा एक्शन: नोटिस, निलंबन और मौके पर समाधान के निर्देश

सिंचाई के लिए बिजली व्यवस्था सुधारने के निर्देश

ग्रामीणों ने सिंचाई के लिए स्थायी बिजली कनेक्शन नहीं होने की समस्या भी रखी। इस पर कलेक्टर ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को अस्थायी कनेक्शन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही दीर्घकालीन समाधान के लिए कृषि फीडर प्रस्तावित करने को कहा। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि किसानों को निर्धारित समय पर नियमित बिजली मिलती रहे।

पेंशन, राशन और राजस्व मामलों की समीक्षा

कलेक्टर ने गांव के बुजुर्गों से बातचीत कर पेंशन और राशन वितरण की स्थिति की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने पटवारी की ग्राम में उपस्थिति और लंबित राजस्व प्रकरणों की भी समीक्षा की। ग्रामीणों की शिकायतों को सुनकर संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।

महिला समूहों को स्वरोजगार से जोड़ने पर जोर

स्व-सहायता समूहों की महिलाओं से चर्चा करते हुए कलेक्टर ने उनकी आजीविका गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि महिलाओं को बकरी पालन, मुर्गी पालन और अन्य आयवर्धक गतिविधियों से जोड़ा जाए ताकि उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत हो सके।

सचिव और रोजगार सहायक को कारण बताओ नोटिस

ग्राम पंचायत में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने ग्रामीणों की मांग के अनुसार कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। जल संरक्षण कार्यों की समीक्षा के दौरान उन्होंने बारिश शुरू होने से पहले सभी रूफ वाटर हार्वेस्टिंग कार्य पूरे करने के लिए कहा।

प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना की समीक्षा में प्रगति संतोषजनक नहीं मिलने पर उन्होंने ग्राम डोडाजाम के सचिव और ग्राम रोजगार सहायक को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

आगजनी पीड़ित को मिलेगी आर्थिक सहायता

ग्राम टिगरिया निवासी केने मोतीराम ने कलेक्टर को बताया कि आग लगने की घटना में उनके चार पशु घायल हो गए हैं। मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने रेड क्रॉस सोसायटी के माध्यम से 20 हजार रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

बालक आश्रम में अव्यवस्थाएं मिलने पर अधीक्षक पर कार्रवाई

डोडाजाम स्थित जनजातीय बालक आश्रम का निरीक्षण करते समय कलेक्टर ने वहां की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने छात्रावास के कमरों और शौचालयों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान आश्रम का संचालन और साफ-सफाई संतोषजनक नहीं पाई गई। इस पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए अधीक्षक भैयालाल उईके को लापरवाही और गैर जिम्मेदाराना कार्यशैली के कारण निलंबित करने के निर्देश दिए।

तालाब निरीक्षण के दौरान बच्चों से की मुलाकात

ग्राम डोडाजाम में तालाब का निरीक्षण करते समय कलेक्टर की नजर रास्ते में खेल रहे बच्चों पर पड़ी। वे बच्चों के पास रुके और उनसे आत्मीय बातचीत की। उन्होंने बच्चों से उनके नाम और स्कूल के बारे में पूछा तथा उन्हें बिस्किट और चॉकलेट वितरित किए।

कुनखेड़ी में भी सुनी ग्रामीणों की समस्याएं

डोडाजाम के बाद कलेक्टर डॉ. सोनवणे ने ग्राम कुनखेड़ी का भी दौरा किया। यहां उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को समाधान के निर्देश दिए। इस दौरान जल संरक्षण, शिक्षा, बिजली, सड़क और आंगनवाड़ी व्यवस्था प्रमुख विषय रहे।

20 जून तक पूरे होंगे रिचार्ज स्ट्रक्चर के काम

कलेक्टर ने कहा कि जिन क्षेत्रों में भूजल स्तर नीचे जाने के कारण पेयजल संकट पैदा हो रहा है, वहां रिचार्ज स्ट्रक्चर बनाना जरूरी है। उन्होंने जनपद पंचायत के इंजीनियरों को निर्देश दिए कि 20 जून तक सभी प्रस्तावित कार्य पूरे कर लिए जाएं।

बिजली और सड़क समस्याओं के समाधान का भरोसा

ग्रामीणों ने पालंगा, उतरी और बतोडी गांवों में बिजली समस्या की जानकारी दी। कलेक्टर ने बताया कि इन गांवों के लिए बिजली आपूर्ति से संबंधित प्रस्ताव शासन को भेजे जा चुके हैं। स्वीकृति मिलने के बाद कार्य तेजी से कराया जाएगा। उन्होंने ग्राम बतोडी की सड़क समस्या का भी शीघ्र समाधान कराने के निर्देश दिए।

शिक्षा व्यवस्था सुधारने और कैरियर मार्गदर्शन पर जोर

कुनखेड़ी में हाई सेकेंडरी स्कूल नहीं होने से विद्यार्थियों को दूर जाना पड़ता है। इस पर कलेक्टर ने विकासखंड शिक्षा अधिकारी को स्कूल उन्नयन का प्रस्ताव शासन को भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने शिक्षकों की कमी पर चिंता जताई और जल्द पदस्थापना सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही स्मार्ट क्लास के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने और 100 प्रतिशत परीक्षा परिणाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने 12वीं के बाद विद्यार्थियों को उनकी रुचि के अनुसार कैरियर काउंसलिंग देने पर भी जोर दिया।

कुनखेड़ी सोसाइटी को फिर से सक्रिय करने के निर्देश

ग्रामीणों ने बताया कि स्वीकृत सोसाइटी में खाद का आवंटन नहीं हो रहा है। इस पर कलेक्टर ने अधिकारियों को समस्या का समाधान कर सोसाइटी को जल्द क्रियाशील करने के निर्देश दिए। ग्राम चोहटापट्टी में आंगनवाड़ी और सोसाइटी की बाउंड्रीवाल निर्माण के लिए भी पंचायत को निर्देश दिए गए।

आंगनवाड़ी में भोजन नहीं मिलने पर सख्ती

ग्रामीणों ने शिकायत की कि कुछ दिनों तक बच्चों को आंगनवाड़ी में नाश्ता और भोजन नहीं मिला। शिकायत मिलने पर कलेक्टर ने संबंधित कार्यकर्ता, सहायिका और सुपरवाइजर से जानकारी ली। लापरवाही सामने आने पर संबंधित समूह को हटाने तथा सुपरवाइजर और सीडीपीओ को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि भविष्य में ऐसी शिकायत दोबारा मिलने पर जिम्मेदार अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

महिलाओं को आजीविका गतिविधियों से जोड़ने की पहल

महिला समूहों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए कलेक्टर ने प्राथमिक शाला में भवन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने महिलाओं को मुर्गी पालन, मल्टी लेयर यूनिट, सिलाई और अन्य रोजगार आधारित गतिविधियों से जोड़ने तथा उनके उत्पादों के लिए बाजार उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

राशन वितरण और अन्य समस्याओं का मौके पर समाधान

राशन वितरण की समीक्षा के दौरान कालिया सुखराम ने ई-केवाईसी नहीं होने के कारण राशन नहीं मिलने की शिकायत की। इस पर कलेक्टर ने तत्काल ई-केवाईसी कराकर राशन वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बिजली कनेक्शन, अतिक्रमण, रास्ता विवाद और चौपाल निर्माण जैसी समस्याओं पर भी सुनवाई की।

महुआ के पेड़ को बचाने के निर्देश

ग्राम निवासी इन्द्रकला ऊईके ने शिकायत की कि खुदाई के कारण उनके घर के पास स्थित महुआ का पेड़ गिरने की स्थिति में पहुंच गया है। कलेक्टर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पंचायत को तत्काल रिटेनिंग वॉल बनाकर पेड़ को सुरक्षित करने के निर्देश दिए।

ग्रामीण क्षेत्रों में समस्याओं के समाधान के लिए किया सीधा संवाद

भीमपुर विकासखंड के इन दोनों गांवों के दौरे के दौरान कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने प्रशासन और ग्रामीणों के बीच सीधे संवाद की पहल को आगे बढ़ाया। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि ग्रामीणों की समस्याओं का समय पर समाधान किया जाए और विकास योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जाए।

सोशल मीडिया पर बैतूल अपडेट की खबरें पाने के लिए फॉलो करें-

देशदुनिया की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending खबरों के लिए जुड़े रहे betulupdate.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें betulupdate.com

उत्तम मालवीय

मैं इस न्यूज वेबसाइट का ऑनर और एडिटर हूं। वर्ष 2001 से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। सागर यूनिवर्सिटी से एमजेसी (मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन) की डिग्री प्राप्त की है। नवभारत भोपाल से अपने करियर की शुरुआत करने के बाद दैनिक जागरण भोपाल, राज एक्सप्रेस भोपाल, नईदुनिया और जागरण समूह के समाचार पत्र 'नवदुनिया' भोपाल में वर्षों तक सेवाएं दी। अब इस न्यूज वेबसाइट "Betul Update" का संचालन कर रहा हूं। मुझे उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए प्रतिष्ठित सरोजिनी नायडू पुरस्कार प्राप्त करने का सौभाग्य भी नवदुनिया समाचार पत्र में कार्यरत रहते हुए प्राप्त हो चुका है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button