MP New Tehsil Announcement: एमपी में नई तहसील और बायपास का ऐलान, अस्पताल और पर्यटन की भी मिलेगी बड़ी सौगात
MP New Tehsil Announcement: सीएम डॉ. मोहन यादव ने शहडोल के ब्यौहारी से विकास कार्यों की झड़ी लगाई, 747 करोड़ के प्रोजेक्ट और नई योजनाओं की घोषणा

MP New Tehsil Announcement: शहडोल जिले के ब्यौहारी क्षेत्र से मध्यप्रदेश सरकार ने विकास की नई दिशा तय कर दी है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने न सिर्फ स्वास्थ्य, प्रशासन और सड़क सुविधाओं को मजबूत करने के फैसले किए, बल्कि धार्मिक और वन्यजीव पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए भी अहम घोषणाएं कीं। माता शबरी जयंती के अवसर पर आयोजित जनजातीय सम्मेलन में मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णयों की जानकारी दी, जिससे पूरे इलाके में नई उम्मीद जगी है।
जनजातीय सम्मेलन में पहुंचे मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रविवार को शहडोल जिले की ब्यौहारी विधानसभा क्षेत्र के ग्राम गंधिया स्थित सीतामढ़ी धाम पहुंचे। यहां माता शबरी जयंती के अवसर पर जनजातीय हितग्राही सम्मेलन का आयोजन किया गया था। मुख्यमंत्री ने सीतामढ़ी परिसर में माता शबरी की प्रतिमा का अनावरण कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। उन्होंने कहा कि माता शबरी का जीवन भक्ति, त्याग और समर्पण का प्रतीक है, जिससे पूरे समाज को प्रेरणा मिलती है।
माता शबरी के चरित्र पर सीएम का संदेश
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि माता शबरी ने अपने आचरण और भावनाओं से भक्ति की सर्वोच्च मिसाल पेश की। उन्होंने भगवान श्रीराम के आगमन की प्रतीक्षा में वर्षों तक धैर्य और विश्वास बनाए रखा। बेर चखकर भगवान को अर्पित करने का प्रसंग यह सिखाता है कि ईश्वर विधि या परंपरा से नहीं, बल्कि भक्त के मन की पवित्रता से प्रसन्न होते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि व्यक्ति का महत्व उसके कर्म और भावनाओं से तय होता है, न कि जन्म से।
राम वन गमन पथ और सीतामढ़ी का विकास
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश सरकार ने भगवान श्रीराम और माता शबरी से जुड़े स्थलों के संरक्षण और विकास के लिए श्रीरामचंद्र पथ गमन न्यास का गठन किया है। इसके तहत प्रदेश में करीब 1450 किलोमीटर लंबे राम वन गमन पथ का निर्माण किया जाएगा। चित्रकूट के साथ-साथ ग्राम गंधिया को भी इस योजना में शामिल किया गया है, क्योंकि भगवान श्रीराम ने यहां 11 रातें विश्राम किया था। गंधिया गांव के विकास के लिए सरकार ने लगभग 80 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की है, जिससे बुनियादी सुविधाओं में सुधार होगा।
747 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों की सौगात
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने ग्राम गंधिया से शहडोल जिले के लिए 747 करोड़ 91 लाख रुपये की लागत से तैयार 139 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमि पूजन किया। इनमें 613 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाले 79 कार्यों का लोकार्पण और 134 करोड़ रुपये से अधिक की लागत के 60 कार्यों का भूमि पूजन शामिल है। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने विभिन्न सरकारी योजनाओं के हितग्राहियों को लाभ भी वितरित किए।
जनजातीय कल्याण सरकार की प्राथमिकता
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनजातीय समाज का समग्र विकास सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। पीएम जन-मन योजना के तहत प्रदेश में 98 करोड़ 30 लाख रुपये के कार्य किए गए हैं। वहीं धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के अंतर्गत 401 करोड़ 56 लाख रुपये से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमि पूजन हो चुका है। उन्होंने यह भी बताया कि जनजातीय नायकों के संघर्ष और योगदान को अब शैक्षणिक पाठ्यक्रम में शामिल किया गया है, ताकि नई पीढ़ी अपने इतिहास से जुड़ सके।
- यह भी पढ़ें : RBI Digital Fraud Compensation: डिजिटल फ्रॉड पीड़ितों को बड़ी राहत, 25 हजार तक मिलेगा मुआवजा, RBI ला रहा नया सिस्टम
ब्यौहारी में अस्पताल और प्रशासनिक फैसले
मुख्यमंत्री ने ब्यौहारी में 30 बिस्तरों वाले अस्पताल के निर्माण की घोषणा की, जिससे क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी। इसके साथ ही जयसिंहनगर क्षेत्र के लिए आवश्यक बायपास सड़क बनवाने का ऐलान किया गया। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि जयसिंहनगर तहसील क्षेत्र की उप तहसील आमाडीह को परीक्षण के बाद पूर्ण तहसील का दर्जा दिया जाएगा, जिससे प्रशासनिक सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होंगी।
पर्यटन और उद्योग को मिलेगा बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने सीतामढ़ी धाम को धार्मिक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की घोषणा की। इसके साथ ही वन्यजीव पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए संजय डूबरी टाइगर रिजर्व का एक गेट ब्यौहारी की ओर खोलने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने बताया कि इस क्षेत्र में महुआ और कटहल का उत्पादन प्रचुर मात्रा में होता है। इनसे बनने वाले औषधीय और अन्य उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने, उद्योग, रोजगार और निर्यात को प्रोत्साहित करने के लिए यहां औद्योगिक विकास केंद्र खोला जाएगा।
- यह भी पढ़ें : Khivni Wildlife Sanctuary MP: पर्यटकों की पहली पसंद बन रहा एमपी का खिवनी अभयारण्य, इको-टूरिज्म का नया हॉटस्पॉट
जनप्रतिनिधियों ने रखी क्षेत्र की मांगें
सीधी सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने कहा कि यह भूमि त्रेतायुग से जुड़ी हुई है, जहां भगवान श्रीराम के चरण पड़े थे। मुख्यमंत्री द्वारा माता शबरी की प्रतिमा का अनावरण और विकास योजनाओं की घोषणा से क्षेत्र को नई पहचान मिली है। उन्होंने कटनी से ब्यौहारी होते हुए सिंगरौली तक फोरलेन सड़क निर्माण और औद्योगिक केंद्र की स्थापना जैसी मांगें भी रखीं। जयसिंहनगर विधायक श्रीमती मनीषा सिंह ने मुख्यमंत्री को क्षेत्र को मिली विकास योजनाओं के लिए आभार जताया। ब्यौहारी विधायक शरद जुगलाल कोल ने कहा कि लंबे इंतजार के बाद मुख्यमंत्री का आगमन क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक है।
कार्यक्रम में रहे ये लोग मौजूद
इस कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष प्रभा मिश्रा, उपाध्यक्ष फूलवती सिंह, जनपद अध्यक्ष जयसिंहनगर मालती सिंह, जनपद अध्यक्ष ब्यौहारी आकांक्षी सिंह, जिला योजना समिति की सदस्य चपरा, स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। साथ ही शहडोल संभाग की आयुक्त सुरभि गुप्ता और कलेक्टर डॉ. केदार सिंह भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
सोशल मीडिया पर बैतूल अपडेट की खबरें पाने के लिए फॉलो करें-
- हमारे यूट्यूब चैनल पर खबरें देखने के लिए : यहां क्लिक करें
- वाट्सअप चैनल पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- फेसबुक ग्रुप पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- फेसबुक पेज पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- एक्स पर खबरें पाने के लिए: यहां क्लिक करें
देश-दुनिया की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending खबरों के लिए जुड़े रहे betulupdate.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें betulupdate.com





