Dhekhna Mega Irrigation Project: एमपी-महाराष्ट्र के कई जिलों की तस्वीर बदलेगा ढेंकना प्रोजेक्ट, चार हजार करोड़ में होगा तैयार, 60 हजार हेक्टेयर में सिंचाई
Dhekhna Mega Irrigation Project: अगर सभी औपचारिकताएं समय पर पूरी हो जाती हैं, तो बैतूल जिले की तस्वीर बदलने वाली एक बड़ी सिंचाई योजना जल्द ही जमीन पर उतर सकती है। ताप्ती नदी पर प्रस्तावित ढेंकना वृहद सिंचाई परियोजना से न सिर्फ खेती को स्थायी पानी मिलेगा, बल्कि आसपास के जिलों और पड़ोसी राज्य तक जल आपूर्ति का रास्ता भी खुलेगा। यह परियोजना जिले के विकास में मील का पत्थर साबित हो सकती है।
4039 करोड़ रुपए की अनुमानित लागत
Dhekhna Mega Irrigation Project को करीब 4039 करोड़ रुपए की अनुमानित लागत से तैयार करने का प्रस्ताव है। इस योजना के तहत लगभग 60 हजार हेक्टेयर कृषि भूमि को सिंचाई सुविधा से जोड़ा जाएगा। लंबे समय से बारिश पर निर्भर खेती करने वाले किसानों के लिए यह परियोजना राहत लेकर आ सकती है।
बैलेंसिंग रिजर्वेयर की खास व्यवस्था
सिंचाई विभाग के अनुसार Dhekhna Mega Irrigation Project की सबसे अहम विशेषता बैलेंसिंग रिजर्वेयर का निर्माण है। योजना के तहत ताप्ती नदी पर बनने वाले मुख्य बांध से करीब 10 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन के माध्यम से पानी पहाड़ियों के बीच बनाए जाने वाले विशेष रिजर्वेयर तक पहुंचाया जाएगा। इस प्रणाली के जरिए पानी का बेहतर प्रबंधन संभव होगा। मुख्य बांध में जहां 100 एमसीएम पानी संग्रहित किया जाएगा, वहीं बैलेंसिंग रिजर्वेयर में 170 एमसीएम पानी जमा करने की क्षमता होगी।
डीपीआर तैयार, स्वीकृति की प्रक्रिया जारी
Dhekhna Mega Irrigation Project की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार की जा चुकी है और फिलहाल उसका तकनीकी और प्रशासनिक परीक्षण चल रहा है। सिंचाई विभाग को उम्मीद है कि अगले वित्तीय सत्र में इस महत्वाकांक्षी योजना को मंजूरी मिल सकती है। वित्तीय प्रबंध के लिए केंद्र और राज्य सरकार मिलकर राशि उपलब्ध कराने की तैयारी में हैं।
बांध और पाइपलाइन का स्वरूप
Dhekhna Mega Irrigation Project क्षेत्र में प्रस्तावित बांध की ऊंचाई लगभग 32 मीटर और लंबाई करीब 600 मीटर तय की गई है। यहां से पानी को महतपुर तक ले जाने के लिए 10 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन बिछाई जाएगी। महतपुर क्षेत्र में पहाड़ियों को काटकर बैलेंसिंग रिजर्वेयर तैयार किया जाएगा, जहां बारिश के दौरान बहकर जाने वाला अतिरिक्त पानी संचित किया जाएगा।
500 हेक्टेयर में फैलेगा जल क्षेत्र
महतपुर में बनने वाले इस रिजर्वेयर (Dhekhna Mega Irrigation Project) में करीब 500 हेक्टेयर क्षेत्र में पानी फैलने की संभावना है। इससे न केवल जल संरक्षण होगा, बल्कि भविष्य में सूखे की स्थिति से निपटने में भी मदद मिलेगी। यह व्यवस्था परियोजना को तकनीकी रूप से मजबूत बनाती है।
कई जिलों को मिलेगा लाभ
Dhekhna Mega Irrigation Project का असर सिर्फ बैतूल जिले तक सीमित नहीं रहेगा। इस योजना से बुरहानपुर और खंडवा जिलों के साथ-साथ पड़ोसी महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों को भी जल उपलब्ध कराया जा सकेगा। अनुमान है कि करीब 140 गांवों को सीधे तौर पर इस परियोजना का लाभ मिलेगा।
डूब क्षेत्र और विस्थापन की चुनौती
परियोजना के कारण लगभग 2000 हेक्टेयर क्षेत्र डूब में आने की संभावना है, जिसमें करीब 800 हेक्टेयर वन क्षेत्र शामिल है। इसके चलते चार वन ग्रामों के विस्थापन का प्रस्ताव भी रखा गया है। इस पहलू को ध्यान में रखते हुए प्रस्ताव को उच्चाधिकारियों और राज्य शासन के समक्ष परीक्षण के लिए भेजा गया है।
जिले का सबसे बड़ा सिंचाई प्रोजेक्ट
सभी आवश्यक अनुमोदन मिलने के बाद यह Dhekhna Mega Irrigation Project बैतूल जिले की अब तक की सबसे बड़ी सिंचाई योजना मानी जाएगी। बैलेंसिंग रिजर्वेयर जैसे नए तकनीकी प्रयोग के कारण इसे अधिक प्रभावी और दीर्घकालिक लाभ देने वाली योजना के रूप में देखा जा रहा है। यदि योजना सफल रही, तो इससे क्षेत्र की कृषि, रोजगार और समग्र विकास को नई दिशा मिल सकती है।
सोशल मीडिया पर बैतूल अपडेट की खबरें पाने के लिए फॉलो करें-
- हमारे यूट्यूब चैनल पर खबरें देखने के लिए : यहां क्लिक करें
- वाट्सअप चैनल पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- फेसबुक ग्रुप पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- फेसबुक पेज पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- एक्स पर खबरें पाने के लिए: यहां क्लिक करें
देश-दुनिया की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending खबरों के लिए जुड़े रहे betulupdate.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें betulupdate.com



