देश/विदेश

Cyclone Dithwah Update: आज शाम तक पहुंचेगा तूफान दितवाह, मचाएगा तबाही, होगी भारी बारिश, चलेंगी तेज हवाएं

Cyclone Dithwah Update: श्रीलंका में बड़े पैमाने पर विनाश मचाने के बाद साइक्लोन दितवाह अब भारत की ओर बढ़ रहा है। संभावना है कि रविवार शाम को यह तूफान तमिलनाडु और पुडुचेरी के तटीय इलाकों से टकराएगा।

मौसम विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि इसके असर से तेज रफ्तार हवाएं चलेंगी और कई जिलों में भारी बारिश होने की संभावना है। विशेष रूप से कुड्डालोर, नागपट्टिनम, मयिलादुथुराई, विल्लुपुरम और चेंगलपट्टू जिलों में सतर्कता बरतने के निर्देश जारी किए गए हैं।

श्रीलंका में मचा चुका तबाही

श्रीलंका में दितवाह का असर बहुत गंभीर रहा है। वहां आई बाढ़ और भूस्खलन की वजह से 150 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है और अभी भी 100 से ज्यादा लोग लापता बताए जा रहे हैं। श्रीलंका आने-जाने वाली हवाई यात्रा भी बाधित हुई है।

Cyclone Dithwah Update: आज शाम तक पहुंचेगा तूफान दितवाह, मचाएगा तबाही, होगी भारी बारिश, चलेंगी तेज हवाएं

300 भारतीय कोलंबो में फंसे

चेन्नई जाने वाली फ्लाइटें रद्द होने के कारण लगभग 300 भारतीय यात्री कोलंबो हवाईअड्डे पर पिछले तीन दिनों से फंसे हुए हैं। ये यात्री दुबई से श्रीलंका होते हुए भारत लौटना चाहते थे, लेकिन खराब मौसम और प्रभावित उड़ानों के कारण वे आगे नहीं जा पा रहे हैं।

तीनों राज्यों में प्रशासन सतर्क

तूफान के भारत की ओर बढ़ने के साथ ही तीन राज्यों में इसके प्रभाव और तैयारी को लेकर प्रशासन सतर्क है। तूफान से होने वाली तबाही को लेकर पर्याप्त तैयारियां इन इलाकों में की जा चुकी है।

तमिलनाडु में बचाव व्यवस्था सक्रिय

तमिलनाडु सरकार ने स्थिति को गंभीरता से लेते हुए राहत और बचाव व्यवस्था को सक्रिय कर दिया है। राज्य में राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल की कुल 28 से अधिक टीमें तैनात की गई हैं।

इनके अतिरिक्त महाराष्ट्र और गुजरात में मौजूद एनडीआरएफ बेस से 10 अतिरिक्त टीमें भी चेन्नई पहुंच चुकी हैं, ताकि जरूरत पड़ने पर उन्हें तेजी से राहत कार्यों में लगाया जा सके।

भारी बारिश के कारण शनिवार को तमिलनाडु की हवाई सेवाएं भी प्रभावित हुई हैं। केवल एक दिन में 54 उड़ानें रद्द की गईं, जिससे यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ा। वहीं रामेश्वरम से चेन्नई के बीच चलने वाली 11 ट्रेनों का रास्ता बदल दिया गया है, ताकि तूफानी मौसम के दौरान रेल सेवा में जोखिम से बचा जा सके।

इंडिगो एयरलाइन्स ने भी स्थिति को देखते हुए जाफना, तूतीकोरिन और तिरुचिरापल्ली आने-जाने वाली कई उड़ानें कैंसिल कर दी हैं। इस वक्त तमिलनाडु प्रशासन की प्राथमिकता जन-जीवन की सुरक्षा सुनिश्चित करना और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाना है।

पुडुचेरी में स्कूल-कॉलेज किए गए बंद

पुडुचेरी में भी साइक्लोन दितवाह के खतरे को देखते हुए अलर्ट जारी किया गया है। यहां दो हृष्ठक्रस्न टीमें तैनात की गई हैं जो प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव कार्यों के लिए तैयार हैं। सरकार ने किसी भी विपरीत परिस्थिति से निपटने के लिए पहले से एहतियाती इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं।

मौसम के बिगड़ते हालात को देखते हुए पुडुचेरी सेंट्रल यूनिवर्सिटी ने छुट्टी घोषित कर दी है और रविवार तथा आने वाले दिनों में होने वाली परीक्षाएं स्थगित कर दी गई हैं।

इसके अलावा पुडुचेरी, कराईकल, माहे और यनम में स्थित सभी स्कूल और कॉलेज सोमवार तक बंद रखने का फैसला किया गया है। प्रशासन ने नागरिकों को सलाह दी है कि मौसम विभाग की चेतावनियों को गंभीरता से लें और अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचें।

आंध्रप्रदेश में भारी बारिश की संभावना

हालांकि तूफान का केंद्र तमिलनाडु और पुडुचेरी रहेगा, लेकिन इसका असर आंध्र प्रदेश में भी देखने को मिल सकता है। मौसम विशेषज्ञों का अनुमान है कि अगले कुछ दिनों में आंध्र प्रदेश के कई क्षेत्रों में बारिश होगी। विशेष रूप से 3 दिसंबर तक तटीय और आसपास के इलाकों में भारी से मध्यम बारिश होने की संभावना है।

इसके चलते किसानों और मछुआरों को सतर्क रहने और समुद्र के करीब जाने से बचने की सलाह दी गई है। प्रशासन भी लगातार निगरानी में है ताकि जरूरत पड़ने पर सावधानियां लागू की जा सकें।

मौसम विभाग ने भी दी चेतावनी

मौसम विभाग ने सभी तटीय जिलों में रहने वाले लोगों से अपील की है कि वे मौसम से जुड़ी आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करें और अफवाहों से बचें।

यह भी सुझाव दिया गया है कि लोग समुद्री किनारों से दूर रहें, बिजली की आपूर्ति बाधित होने की स्थिति के लिए पानी, दवाइयाँ और आवश्यक सामान घर में पहले से उपलब्ध रखें और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें।

इस रास्ते से आ रहा दितवाह तूफान

दितवाह के मार्ग को लेकर मौसम विभाग ने एक स्पष्ट संकेत दिया है कि यह श्रीलंका से होकर उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है और भारत के दक्षिण-पूर्वी तट से टकराएगा।

उसकी दिशा और तीव्रता पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। भारत में मौसम उपग्रहों और नियंत्रण केंद्रों से मिली जानकारी के आधार पर प्रशासन लगातार फैसले ले रहा है ताकि नुकसान को कम से कम रखा जा सके।

सोशल मीडिया पर बैतूल अपडेट की खबरें पाने के लिए फॉलो करें-

उत्तम मालवीय

मैं इस न्यूज वेबसाइट का ऑनर और एडिटर हूं। वर्ष 2001 से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। सागर यूनिवर्सिटी से एमजेसी (मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन) की डिग्री प्राप्त की है। नवभारत भोपाल से अपने करियर की शुरुआत करने के बाद दैनिक जागरण भोपाल, राज एक्सप्रेस भोपाल, नईदुनिया और जागरण समूह के समाचार पत्र 'नवदुनिया' भोपाल में वर्षों तक सेवाएं दी। अब इस न्यूज वेबसाइट "Betul Update" का संचालन कर रहा हूं। मुझे उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए प्रतिष्ठित सरोजिनी नायडू पुरस्कार प्राप्त करने का सौभाग्य भी नवदुनिया समाचार पत्र में कार्यरत रहते हुए प्राप्त हो चुका है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button