Aadhaar Update Fees 2025: महंगा हुआ आधार कार्ड अपडेट कराना, UIDAI ने बढ़ा दिए सेवाओं के शुल्क
Aadhaar Update Fees 2025: भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) ने आधार से जुड़ी सेवाओं के शुल्क में बढ़ोतरी कर दी है। यह नए शुल्क 1 अक्टूबर 2025 से लागू होंगे और 30 सितंबर 2028 तक चलेंगे। इसके साथ ही प्राधिकरण ने अगले तीन साल के लिए भी शुल्क तय कर दिए हैं, जो 1 अक्टूबर 2028 से लेकर 30 सितंबर 2031 तक प्रभावी रहेंगे।
इस बदलाव का असर उन सभी लोगों पर पड़ेगा जो आधार से जुड़ी अलग-अलग सेवाओं का उपयोग करते हैं। शुल्क बढ़ाए जाने के बाद बायोमेट्रिक अपडेट, डेमोग्राफिक जानकारी बदलना या फिर घर पर आधार सेवा लेना महंगा हो जाएगा। इनके लिए अब पहले के मुकाबले ज्यादा शुल्क देना होगा।
किस सेवा का कितना बढ़ा शुल्क
- UIDAI की ओर से जारी नोटिफिकेशन के मुताबिक पहले जिन सेवाओं का शुल्क 50 रुपये था, अब वह बढ़कर 75 रुपये हो जाएगा।
- वहीं जिन सेवाओं के लिए पहले 100 रुपये देने पड़ते थे, अब उनका शुल्क 125 रुपये कर दिया गया है।
- इसी तरह 75 रुपये वाली सेवाओं की नई दर 90 रुपये होगी और 125 रुपये वाली सेवाओं की कीमत 150 रुपये तक पहुंच जाएगी।

बायोमेट्रिक अपडेट की नई व्यवस्था
बायोमेट्रिक अपडेट की बात करें तो इसमें भी नई व्यवस्था लागू की गई है। पांच से सात साल के बच्चों और पंद्रह से सत्रह साल की उम्र वाले किशोरों को बायोमेट्रिक अपडेट का लाभ एक बार पूरी तरह मुफ्त में मिलेगा। लेकिन बाकी उम्र वर्ग के लोगों के लिए यह सेवा 125 रुपये में उपलब्ध होगी।
बच्चों के लिए शुल्क किया माफ
खास बात यह है कि सात से पंद्रह साल की आयु वाले बच्चों के लिए UIDAI ने 30 सितंबर 2026 तक यह शुल्क माफ कर दिया है। यानी इस अवधि के दौरान अगर इस उम्र के बच्चों का बायोमेट्रिक अपडेट कराया जाता है तो इसके लिए कोई शुल्क नहीं देना होगा। इसका उद्देश्य बच्चों की जानकारी समय पर अपडेट कराने के लिए परिवारों को प्रोत्साहित करना है।

डेमोग्राफिक अपडेट में यह बदलाव
डेमोग्राफिक अपडेट में आधार कार्डधारक अपना नाम, जन्मतिथि, पता, लिंग, मोबाइल नंबर या ईमेल जैसी जानकारी बदलवा सकता है। अगर यह अपडेट बायोमेट्रिक अपडेट के साथ किया जाता है तो इसके लिए अलग से कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा। लेकिन यदि केवल डेमोग्राफिक जानकारी बदलनी है और इसे बायोमेट्रिक अपडेट के बिना किया जाता है तो अब इसके लिए 75 रुपये चुकाने होंगे। पहले यह सेवा 50 रुपये में मिलती थी।
दस्तावेज अपडेट के शुल्क भी बदले
दस्तावेज अपडेट को लेकर भी शुल्क में बदलाव हुआ है। इस प्रक्रिया में पहचान और पते से जुड़े दस्तावेजों को फिर से जमा करना होता है। यदि यह काम मायआधार पोर्टल के जरिए किया जाता है तो 14 जून 2026 तक पूरी तरह मुफ्त रहेगा। हालांकि यदि यही काम आधार केंद्र पर जाकर किया जाता है तो इसके लिए 75 रुपये का शुल्क लगेगा। पहले यह शुल्क 50 रुपये था, यानी अब इसमें भी बढ़ोतरी हो गई है।
- यह भी पढ़ें : Zero Down Payment Car Loan: नहीं देना होगा एक भी पैसा, शोरूम से सीधे घर ले जाएं नई कार, जानें पूरी स्कीम
घर पर सेवाओं के लिए अब यह दरें
यूआईडीएआई ने आधार से जुड़ी सेवाओं को घर तक पहुंचाने की व्यवस्था भी की है। यदि कोई व्यक्ति अपने घर पर आधार सेवा मंगवाना चाहता है तो इसके लिए 700 रुपये का शुल्क देना होगा, जिसमें जीएसटी भी शामिल है।
अगर एक ही पते पर एक से अधिक लोग यह सुविधा लेना चाहें तो पहले व्यक्ति से 700 रुपये लिए जाएंगे जबकि प्रत्येक अतिरिक्त सदस्य के लिए केवल 350 रुपये ही चुकाने होंगे। यह सुविधा उन लोगों के लिए खास है जो किसी कारणवश आधार केंद्र तक नहीं जा सकते।
सोशल मीडिया पर बैतूल अपडेट की खबरें पाने के लिए फॉलो करें-
- वाट्सअप चैनल पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- फेसबुक ग्रुप पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- फेसबुक पेज पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- एक्स पर खबरें पाने के लिए: यहां क्लिक करें
देश-दुनिया की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending खबरों के लिए जुड़े रहे betulupdate.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें betulupdate.com



