MP Breaking News: मन्नत पूरी होने पर महिला ने जीभ काटकर कर दी देवी जी को अर्पित, सीधी का हैरतंगेज मामला
MP Breaking News: नवरात्रि के दौरान श्रद्धालु तरह-तरह के तप कर मातारानी को प्रसन्न करने और उनकी कृपा पाने के प्रयास करते हैं। लेकिन, मध्यप्रदेश के सीधी जिले से एक ऐसा हैरतंगेज मामला सामने आया है, जिसे सुन कर लोगों के रोंगटे खड़े हो जा रहे हैं। यहां एक महिला ने मन्नत पूरी होने पर अपनी जीभ ही काटकर देवी को अर्पित कर दी।
सीधी जिले के रामगढ़ पंचायत की कोलान बस्ती का यह मामला है। यहां शुक्रवार को यह चौंकाने वाली घटना हुई। यहां रहने वाली कल्लू बाई नामक महिला ने मां दुर्गा से मांगी गई मन्नत पूरी होने पर अपनी जीभ काटकर देवी को अर्पित कर दी। इस घटना से गांव और आसपास के इलाकों में सनसनी फैल गई। यह जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए।
लोग जुटे और भजन-कीर्तन शुरू
महिला शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे दुर्गा प्रतिमा के सामने पहुंची और अपनी जीभ काटकर प्लेट में रखकर देवी के चरणों में चढ़ा दी। इस घटना के बाद वह खून से लथपथ वहीं पड़ी रही। करीब 13 घंटे तक वह उसी हालत में रही। लोगों को जब इस बात की जानकारी लगी तो गांव के लोग वहां इक_ा हो गए और भजन-कीर्तन शुरू कर दिया।

पोते के स्वस्थ होने की थी मन्नत
कल्लू बाई का कहना है कि उसके पोते अनंत कोल (16) को करीब एक साल पहले तेज बुखार आया था। वह छह महीने तक बिस्तर पर पड़ा रहा और फिर चलने-फिरने में असमर्थ हो गया। डॉक्टरों ने उसे लकवाग्रस्त जैसा मान लिया था। इस दौरान कल्लू बाई ने मां दुर्गा से वचन लिया था कि अगर उसका पोता ठीक हो गया तो वह अपनी जीभ माता को चढ़ा देगी।
माता की कृपा से ठीक हुआ पोता
महिला ने बताया कि उसके पोते की हालत धीरे-धीरे बेहतर होती गई। उसने इसे देवी की कृपा माना। जैसे ही नवरात्रि शुरू हुई, कल्लू बाई ने अपनी मन्नत पूरी करने की ठान ली और शुक्रवार को दुर्गा प्रतिमा के सामने अपनी जीभ काटकर अर्पित कर दी।
महिला का कहना है कि उसने मां से प्रार्थना की थी कि जीभ काटने के बाद उसे ज्यादा तकलीफ न हो। उसके अनुसार, ऐसा ही हुआ और उसे अधिक दर्द या खून बहने की समस्या नहीं हुई।

रात में जीभ से जुड़ी अफवाह फैल गई
गांव में यह चर्चा भी होने लगी कि देर रात करीब 11 बजे जब महिला ने अपना मुंह खोला तो उसकी जीभ फिर से ठीक हो गई है। हालांकि इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
स्वास्थ्य विभाग भी हुआ सक्रिय
मामले की जानकारी मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची। सीधी जिला अस्पताल के सिविल सर्जन ने बताया कि महिला की स्थिति फिलहाल स्थिर है। उन्होंने ऐसे कृत्यों को बेहद खतरनाक और जानलेवा बताया। डॉक्टरों ने अपील की कि लोग धार्मिक आस्था के नाम पर अपनी जान जोखिम में न डालें।
- यह भी पढ़ें : Couple Suicide Betul: डेढ़ साल के मासूम को सड़क किनारे छोड़ा और पति-पत्नी ने डैम में लगा दी छलांग
इलाज में आई थी खासी दिक्कत
कल्लू बाई ने बताया कि नवरात्रि से पहले उसके पोते को तेज बुखार था। डॉक्टरों ने पहले इंजेक्शन दिया, लेकिन हालत में सुधार नहीं हुआ। बाद में डॉक्टरों ने पोते को पोलियो या लकवा जैसी बीमारी बताई और रीवा या जबलपुर के बड़े अस्पताल में इलाज कराने की सलाह दी।
कई अस्पतालों के चक्कर काटने के बाद कल्लू बाई ने निश्चय किया कि वह अपने पोते को मां के चरणों में छोड़ देगी। उसने बताया कि जब नवरात्रि शुरू हुई, तो उसने माता से सपने में पूछा कि जीभ कहां चढ़ानी है। माता ने कहा कि न घर में और न मंदिर में, बल्कि पंडाल में जीभ अर्पित करनी है। इसके बाद उसने तय किया कि वह अपनी मन्नत पूरी करेगी।
महिला ने पहले भी चढ़ाई थी जीभ
कल्लू बाई ने बताया कि यह पहला मौका नहीं है जब उसने अपनी जीभ अर्पित की। करीब आठ साल पहले शहडोल जिले के एक मंदिर में भी उसने अपनी जीभ चढ़ाई थी। उस समय उसके पति कालरी क्षेत्र में काम करते थे और गंभीर बीमारी से परेशान थे। महिला का दावा है कि जीभ चढ़ाने के बाद उसके पति स्वस्थ हो गए थे।
- यह भी पढ़ें : Wife Murder Betul: चरित्र संदेह पर पत्नी की लोहे के पाइप से पीट-पीट कर हत्या, आरोपी गिरफ्तार
प्रशासन ने की लोगों से यह अपील
इस घटना ने लोगों के बीच धार्मिक आस्था और अंधविश्वास को लेकर बहस छेड़ दी है। गांव के कुछ लोग इसे आस्था का प्रतीक मानते हैं, तो कुछ इसे खतरनाक अंधविश्वास बता रहे हैं। डॉक्टरों और प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अपनी या अपने परिवार की जान खतरे में डालकर ऐसे कृत्य न करें।
स्वास्थ्य विभाग ने दी उपचार सुविधा
घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन भी सक्रिय हो गया है। पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति की जानकारी ली और महिला को चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराई।
देश-दुनिया की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें | Trending खबरों के लिए जुड़े रहे betulupdate.com से | आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें betulupdate.com



