Rail Coach Factory MP: रेल कोच फैक्ट्री का भूमि पूजन, हजारों को मिलेगा रोजगार, दो साल में शुरू होगा उत्पादन
Rail Coach Factory MP: केन्द्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि मध्यप्रदेश में रक्षा क्षेत्र के विकास के लिए पूर्ण क्षमता, संसाधन और सभी आवश्यक विशेषताएं विद्यमान हैं। यहां 1800 करोड़ रुपए के निवेश से आरंभ हो रहे रेल कोच निर्माण केंद्र से 5 हजार से अधिक लोगों को रोजगार मिलेगा और आसपास के क्षेत्र का भी विकास होगा। मध्यप्रदेश, देश में मॉडर्न प्रदेश के रूप में जाना जाएगा।
केन्द्रीय रक्षा मंत्री श्री सिंह ‘विकास की नई पहचान- स्वदेशी अभियान’ के अंतर्गत भोपाल जिले की सीमा पर रायसेन जिले के ग्राम उमरिया में 1800 करोड़ रुपए की लागत से स्थापित होने वाली अत्याधुनिक रेल कोच निर्माण इकाई का भूमि-पूजन कर संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव विशेष रूप से उपस्थित थे।
दो साल में शुरू हो जाएगा उत्पादन (Rail Coach Factory MP)
केन्द्रीय रक्षा मंत्री श्री सिंह ने कहा कि मुझे यह जानकर खुशी हुई कि प्रदेश में उद्योगों के लिये 48 हजार हेक्टेयर का भूमि बैंक तैयार किया है और अधिक से अधिक उद्योग लगाने के प्रयास किये जा रहे हैं। नवीन औद्योगिक इकाइयों को इंटरनेट, फैक्ट्री शेड, कनेक्टिविटी सहित अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव की यह विशेष पहल रही कि आज जिस रेल कोच निर्माण इकाई का भूमिपूजन हुआ है, उसके लिये बीईएमल को पिछले मई माह में भूमि आवंटित कर दी गई थी। केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि अगले दो साल में यह इकाई काम करना शुरू कर देगी।

हमने धर्म नहीं कर्म देखकर मारा (Rail Coach Factory MP)
केन्द्रीय रक्षा मंत्री श्री सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में भारत आत्मनिर्भर बन कर ही दम लेगा। उन्होंने पहलगाम में आतंकवादियों द्वारा निर्दोष नागरिकों की हत्या के संबंध में कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी ने आतंकियों को मुंह तोड़ जवाब दिया। हमने धर्म नहीं कर्म देखकर भारत की आत्मा पर प्रहार करने वालों को मारा है। प्रधानमंत्री श्री मोदी का संकल्प है कि जो हमें छेड़ेगा हम उसे छोड़ेंगे नहीं।
औद्योगिक विकास के खुलेंगे नए द्वार: डॉ. यादव (Rail Coach Factory MP)
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भारत अर्थ मूवर्स लिमिटेड की रोलिंग स्टॉक फैक्ट्री प्रदेश के विकास को नई दिशा और गति प्रदान करेगी। इससे विकास और रोजगार की गंगौत्री बहेगी। इस परियोजना से भोपाल, रायसेन, सीहोर और विदिशा ही नहीं, पूरे प्रदेश के लिए औद्योगिक विकास के नए द्वार खुलेंगे। कुल 148 एकड़ में बनने वाली बीईएमएल (भारत अर्थ मूवर्स लिमिटेड) की यह इकाई हाई-वे, रेल और हवाई मार्ग से सीधे जुड़ेगी।

डिफेंस कॉरिडोर निर्माण के लिए सहमति का अनुरोध (Rail Coach Factory MP)
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में डिफेंस कॉरिडोर के लिए पर्याप्त भूमि उपलब्ध है। उन्होंने केन्द्रीय रक्षा मंत्री से मध्यप्रदेश में डिफेंस कॉरिडोर निर्माण के लिए सहमति प्रदान करने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि हम प्रधानमंत्री और रक्षा मंत्री के नेतृत्व में आत्मनिर्भरता का संकल्प सामने रख स्वदेशी को नया आंदोलन बनाने के लिए कृत संकल्पित हैं। उन्होंने ने कहा कि प्रदेश औद्योगिक विकास के पथ पर तेजी से अग्रसर है।
किसानों के हितों से कोई समझौता नहीं: चौहान (Rail Coach Factory MP)
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि उमरिया को रेलवे कोच निर्माण की सौगात मिली है, अब ब्रह्मा परियोजना से क्षेत्र के लोगों को रोजगार मिलेगा। यह क्षेत्र देश का विशेष औद्योगिक क्षेत्र बनेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी ने कहा है कि किसानों के हितों से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है। देश को और मजबूत बनाने के लिए स्वदेशी अपनाना है, हम सभी प्रधानमंत्री श्री मोदी के साथ हैं।
- Read Also: Gold deposit found MP: एमपी के इस जिले में मिला सोने का भंडार, लबालब होगा प्रदेश का खजाना
मैन्युफ्रैक्चरिंग और एक्सपोर्टिंग का केंद्र बनेगा (Rail Coach Factory MP)
केन्द्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने अपने वीडियो संदेश में कहा कि आज विकास की इस माला में एक नया मोती जुड़ेगा। यह प्रधानमंत्री श्री मोदी के स्वदेशी के संकल्प का नया उदाहरण है। मध्यप्रदेश रेलवे की मैन्यूफ्रैक्चरिंग और एक्सपोर्टिंग का केंद्र बनेगा। इस फैक्ट्री से 5000 से अधिक रोजगार उपलब्ध होंगे। हम प्रधानमंत्री श्री मोदी के मेक इन इंडिया-मेक फॉर द वर्ल्ड के संकल्प को साकार करने की दिशा में अग्रसर हो रहे हैं।
18 महीने में पहला स्टॉक रोल आउट (Rail Coach Factory MP)
प्रेसिडेंट एंड सीएमडी बीईएमएल शांतनु राय ने कहा कि बेंगलुरु के बाद बीईएमएल का उमरिया में रेलवे का दूसरा रोलिंग स्टॉक यूनिट है। यहां से 18 महीने में पहला स्टॉक रोल आउट करने का प्रयास होगा। यहां अत्याधुनिक तकनीक का इस्तेमाल करते हुए लाइट वेट एल्युमीनियम रेलवे कोच भी तैयार किए जाएंगे। इकाई में सुरक्षा और पर्यावरण का विशेष ध्यान रखा जाएगा। भविष्य में यहां रक्षा उत्पादों का निर्माण भी किया जाएगा। यह इकाई सामाजिक बदलाव का केंद्र बनेगी और मेक इन इंडिया के विजन को मजबूत करेगी। (Rail Coach Factory MP)
देश-दुनिया की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें | Trending खबरों के लिए जुड़े रहे betulupdate.com से | आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें betulupdate.com



