Kajal Teej Festival : काजल तीज पर पूजन करने बड़ी संख्या में ताप्ती सरोवर पहुंचीं महिलाएं
Multai Samachar : A large number of women reached Tapti Sarovar to worship on Kajal Teej.
▪️ राकेश अग्रवाल, मुलताई
नगर में काजल तीज पर ताप्ती पर पूजन करने के लिए सैकड़ों की संख्या में महिलाएं ताप्ती सरोवर पहुंच रही हैं। काजल तीज को देखते हुए प्रशासन ने भी चाक-चौबंद व्यवस्था कर रखी है। रात में भी तहसीलदार और टीआई सहित नगर पालिका की टीम ने सरोवर के चारों ओर व्यवस्था का जायजा लिया था। इससे आज सरोवर पर व्यवस्थाएं सुचारू रूप से चल रही है।
आज पूजन के बाद महिलाएं कल गौर विसर्जन के लिए भी ताप्ती सरोवर भारी मात्रा में पहुंचेंगी। वहीं गणेश चतुर्थी के कारण कल अधिक भीड़ रहने की संभावना जताई जा रही है। ऋषि पंचमी पर लगभग 25000 से ज्यादा महिलाएं ताप्ती सरोवर में डुबकी लगाएंगी।
टीआई प्रज्ञा शर्मा ने बताया कि रात में ही तहसीलदार अनामिका सिंह के साथ जाकर ताप्ती सरोवर पर व्यवस्थाएं बनवाई गई थी। वहीं ट्रैफिक नगर के बीच से बंद कर दिया गया है। इसके अलावा सरोवर पर गोताखोरों के साथ-साथ भारी पुलिस बल भी तैनात किया गया है।
इधर महिलाओं ने बताया कि काजल तीज पर गौर का पूजन करने के लिए महिलाएं सरोवर पर आती है गौर पूजन के बाद उन्हें घर ले जाया जाता है। जहां उनका विधि विधान से रात्रि में भी पूजन किया जाता है और फिर अगली सुबह लाकर विसर्जन किया जाता है। उसके बाद गणेश चतुर्थी की तैयारी की जाती है।
सरोवर पर आने वाली महिलाओं ने प्रशासन की ओर से की गई व्यवस्थाओं की सराहना की है। उनका कहना है कि प्रशासन ने महिलाओं के लिए अच्छी व्यवस्था कर रखी है।जगह-जगह नाव के साथ गोताखोर तैनात किए गए हैं। साफ-सफाई की भी अच्छी व्यवस्था है, महिला पुलिस बल भी तैनात किया गया। जिससे सभी ने अच्छे से पूजन किया है।