Congress MLA Sukhdev Panse : अब पूर्व मंत्री पांसे ने किया भाजपा पर प्रहार, कहा- सूप बोले तो बोले छलनी भी बोले जिसमें बहत्तर छेद
Congress MLA Sukhdev Panse : अभी विधानसभा चुनाव भले ही काफी दूर हो, लेकिन पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ के बैतूल जिले के आमला क्षेत्र में दौरे को लेकर जिले में सियासी माहौल बेहद गर्मा गया है। गुरुवार को भाजपा नेताओं ने नाथ पर जिले से भेदभाव के आरोप लगाए थे। इसके बाद कांग्रेस के कार्यवाहक जिला अध्यक्ष हेमंत वागद्रे ने भाजपा नेताओं पर हमला बोला था। अब पूर्व मंत्री और मुलताई विधायक सुखदेव पांसे ने भाजपा पर प्रहार किया है।
मुलताई में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में पूर्व मंत्री श्री पांसे ने कहा कि जिस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बंगारू लक्ष्मण एक लाख रूपये की रिश्वत लेते हुये पकड़ाये हो उस पार्टी के लोगों से के मुंह से सुचिता और ईमानदारी की बात अच्छी नहीं लगती है। आज भी नगर पालिका एवं जनपद के भ्रष्ट अधिकारियों को जिस पार्टी के अध्यक्ष एवं नेताओं का सरंक्षण प्राप्त हो, उनको किसी से सवाल पूछना शोभा नहीं देता है।
पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ ने तो सभी के लिए 100 रूपये प्रतिमाह बिल कर दिया था, किन्तु वर्तमान भाजपा सरकार एक ही व्यक्ति को एक महीने में 100 यूनिट, दूसरे महीने में 120 यूनिट, तीसरे महीने में 135 यूनिट, चौथे महीने में 150 यूनिट का बिल देकर गरीब जनता का खून चूस रही है। कमलनाथ जी ने तो जिले की सभी नगरीय निकायों के लिए मुलताई, आमला, बैतूल, आठनेर आदि सभी के जल आवर्धन योजना के लिए करोड़ों रूपये दिये।
भाजपा के सांसदों ने क्या किया
भाजपा के 30 साल के शासन में भाजपा के सांसदों ने क्या किया? 15 महीने के कार्यकाल में कमलनाथ जी ने ट्यूबवेल खनन एवं पानी के लिए प्रदेश मेें बैतूल जिले को सबसे ज्यादा पैसा दिया और काम करवाए। कमलनाथ जी ने 32 करोड़ करोड़ की लागत से मुलताई-बोरदेही मार्ग केन्द्रीय निधि से बनाया।
एक ट्रेन तक नहीं रूकवा पाए
नागपुर से बैतूल तक का फोरलेन जिसको दस साल हो गये आज भी चकाचक है। भाजपाई नेता आज भी बैतूल से इटारसी तक फोरलेन नहीं बना पाये और सवाल पूछने में इन्हें शर्म नहीं आती है। आज 30 सालों से भाजपा के सांसद है, आमला से विधायक हैं। इनके समय में एक भी ट्रेनों का मुलताई में स्टॉपेज नहीं करा पाये। जो महानदी और दादाधाम चलती थी वह बंद हो गई। सारणी पाथखेड़ा को उजाड़ दिया। नये पावर हाउस और खदानें नहीं खुलवाई।
पूरे प्रदेश में उद्योग-धंधे चौपट
विगत 18 वर्षों से मध्यप्रदेश में शिवराज सिंह की भाजपा सरकार है। पूरे देश में, प्रदेश में उद्योग, धंधे, व्यापार सब चौपट हो गए हैं। महंगाई आसमान छू रही, पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस, खाने का तेल, रेत, सीमेंट, लोहा सभी महंगे हो गए हैं। महंगाई की मार जनता पर पड़ रही है। प्रदेश में भ्रष्टाचार चरम सीमा पर पहुंच गया है। रोज नई-नई झूठी घोषणा प्रदेश के मुखिया द्वारा की जाती है। मध्यप्रदेश में महिला एवं बेटियां सुरक्षित नहीं है। प्रदेश बलात्कार में नंबर 1 प्रदेश बन गया है।
जो मौजूद था वह भी चला गया
आमला के भाजपाइयों के शासन काल में आमला से बेस किचन चला गया, लोको शेड चला गया। सारणी में 600 मेगावाट की नई विद्युत इकाई भी नहीं लग पाई न ही कोई खदान खुल पाई है। मुख्यमंत्री की घोषणाएं सिर्फ घोषणाएं साबित हुई। सारणी के व्यापारियों ने सरेआम भाजपा विधायक का नगर पालिका चुनाव के दौरान विरोध किया और सारनी को उजाड़ने वाले जनता के हितैषी बनकर प्रेस वार्ता कर रहे हैं। किसी अच्छे और सजग विधायक के लिए यह चुल्लू भर पानी में डूब मरने वाली बात है।