सर्पदंश की 3 घटनाएं : मासूम ने दम तोड़ा, बुजुर्ग महिला समेत एक मासूम गंभीर, बीमारी से परेशान युवक कुएं में कूदा

|
◼️ विजय सावरकर, मुलताई
सर्पदंश की घटनाओं में अचानक बेतहाशा बढ़ोतरी हो गई है। गुरुवार को शहर और क्षेत्र में सर्पदंश की 3 घटनाएं हो गई। इनमें एक मासूम की मौत हो गई। वहीं बुजुर्ग महिला समेत एक मासूम गंभीर है। वृद्धा को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। उधर सारणी थाना क्षेत्र में बीमारी से परेशान एक युवक ने कुएं में कूद कर आत्महत्या कर ली।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम खारी निवासी मिथिलेश पिता देवा जी 11 साल सुबह 7 बजे घर में सोया था। इस दौरान सांप ने मिथिलेश के पैर में काट लिया। परिजन उसे इलाज के लिए सुबह 10 बजे सरकारी अस्पताल लेकर आए। जहां डॉक्टर ने मिथिलेश को मृत घोषित कर दिया।
दूसरी घटना मुलताई नगर के इंदिरा गांधी वार्ड में घटित हुई। इंदिरा गांधी वार्ड निवासी वीर पिता पिंकेश ठाकरे 8 साल घर पर था। इस बीच अचानक अलमारी के नीचे से सांप आया और वीर के पैर में डंस लिया। परिजन इलाज के लिए वीर को सरकारी अस्पताल लेकर आए हैं।
तीसरी घटना पड़ोसी जिले छिंदवाड़ा के ग्राम नरसाला में हुई। वहां ग्राम नरसाला निवासी कपूरबाई पति दशन 58 साल सुबह घर पर थी। इस बीच सांप ने पैर में काट दिया। परिजन इलाज के लिए कपूर बाई को मुलताई के सरकारी अस्पताल लेकर आए। जहां प्राथमिक उपचार कर डॉक्टर ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
युवक को होती थी खून की उल्टियां
उधर सारणी थाना क्षेत्र में एक युवक ने कुएं में कूद कर आत्महत्या कर ली। बताया जाता है कि ग्राम छतरपुर निवासी सुक्कन सरियाम (29) ने बुधवार देर शाम कुएं में कूद कर आत्महत्या कर ली। पुलिस को मिली जानकारी के अनुसार सुक्कन कई सालों से बीमार चल रहा था। वह अक्सर खून की उल्टियां करता था। इसी से परेशान होकर उसने यह कदम उठा लिया। ग्रामीणों ने उसे किसी तरह कुएं से निकाला और पुलिस को सूचना दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।