Death : सड़क हादसे और सर्पदंश से युवक और महिला की मौत; मरामझिरी में पति ने किया पत्नी पर जानलेवा हमला
Youth and woman killed in road accident and snakebite; Husband did a deadly attack on his wife in Maramjhiri
|
बैतूल। शनिवार को जिले में सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई वहीं सर्पदंश के कारण एक महिला की मौत हो गई। इधर मरामझिरी में एक महिला पर उसके पति ने हमला कर दिया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक चूनाहजूरी निवासी गीता धुर्वे को शुक्रवार रात करीब 11 बजे सर्प ने डंस लिया था। गांव से करीब 2 किलोमीटर दूर एक ढाने में रहने के कारण उसे अस्पताल लाने तत्काल कोई वाहन नहीं मिल सका। ऐसे में सुबह करीब 4 बजे उसे अस्पताल लाया जा सका। यहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
उधर चिचोली थाना क्षेत्र के ग्राम घिसीबागला में शनिवार को दो मोटर साइकिलों की आपस में भिड़ंत हो गई। इस हादसे में घिसीबागला निवासी मंटू पिता जग्गू गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे चिचोली अस्पताल लाया गया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। शाम को पीएम के बाद शव परिजनों को सौंपा गया। पुलिस मामला दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।
इधर कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम मरामझिरी में तुलसिया बाई धुर्वे पर उसके पति गुलाब ने कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला कर दिया। इस समय तुलसिया बाई जंगल से लकड़ी लेकर लौट रही थी। हमला होने पर उसने भाग कर किसी तरह जान बचाई और 100 डायल को सूचित किया। इस पर पुलिस पहुंची और उसे लाकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया। यहां उसका इलाज चल रहा है। महिला ने पुलिस को बताया कि उसके पति ने दूसरी पत्नी रख ली है। उसके चक्कर में आए दिन उसके साथ मारपीट की जाती है।