ट्रैक्टर से गिरकर 13 साल के मासूम की दर्दनाक मौत, अस्पताल पहुंचने के पहले ही निकल गई जान
बैतूल। जिले के सारणी थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक 13 साल के मासूम बच्चे की जान चली गई। परिजन उसे इलाज के लिए घोड़ाडोंगरी अस्पताल ला रहे थे। लेकिन वह अस्पताल तक भी नहीं पहुंच पाया और उसकी मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार लोनिया गांव का 13 वर्षीय बालक संगम उइके बुधवार सुबह तवा नदी के पास स्थित अपने खेत गया था। वह वापस घर आने को खेत से निकला ही था कि रास्ते में उसे एक ट्रैक्टर नजर आया। उसने ट्रैक्टर चालक से लिफ्ट ली और उसमें बैठ गया। इस बीच रास्ते में वह ट्रैक्टर से गिर गया। हादसे में वह गम्भीर रूप से घायल हो गया।
इसकी जानकारी मिलते ही परिजन उसे इलाज के लिए घोड़ाडोंगरी अस्पताल ला रहे थे। लेकिन बताते हैं कि रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। अस्पताल पहुंचने पर उसे डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी है। पुलिस द्वारा पीएम करवाया जा रहा है।