समधी ने समधन को छेड़ा, परिजन हुए जमा तो सरपट भागा

ग्वालियर। शादी में शामिल होने आए समधी ने समधन से छेड़छाड़ कर दी। घटना बिजौली थाना क्षेत्र के करगवा की है। पीड़िता ने विरोध किया तो आरोपी धमकी देकर भाग गया। घटना की शिकार पीड़िता थाने पहुंची और मामले की शिकायत की। पुलिस ने पीड़िता शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है।
बिजौली थाना क्षेत्र के करगवा निवासी पचास वर्षीय महिला ने शिकायत की कि बीते रोज उसकी देवरानी की बेटी की शादी थी। शादी में उसके बेटे का ससुर भी शामिल होने के लिए आया था। शादी में जब टीके का कार्यक्रम चल रहा था तो उसके बेटे का ससुर उसके पीछे खड़ा हो गया और गलत हरकतें करने लगा। जब उसने विरोध किया तो आरोपित धमकी देने लगा।
मामले का पता चलते ही पीड़िता का बेटा वहां पर पहुंचा और विरोध किया। इस पर ससुर दामाद से विवाद करने लगा और उनके बीच हाथापाई हो गई। जब अन्य लोग एकत्रित हुए तो आरोपित भाग निकला। घटना की शिकार पीड़िता थाने पहुंची और मामले की शिकायत की। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है।



