Barish ke totake : बैतूल में बारिश के लिए अनोखा जलाभिषेक, शिव के गर्भगृह को 24 घंटे के लिए किया जलमग्न, हो रहा 24 घंटे का राम नाम जप
◼️ लोकेश वर्मा, मलकापुर (बैतूल)
क्षेत्र में किसानों की खरीफ की फसल की बोवनी लगभग हो चुकी है। प्री मानसून की दस्तक के बाद मानसून गायब है। मानसूनी बरसात की बौछार एक भी बार ना गिरने से किसान चिंतित हैं। तमाम नदी-नाले सूखे पड़े हैं। ऐसे में परेशान लोगों ने भगवान को मनाने की टोटके शुरू कर दिए हैं।
जिला मुख्यालय बैतूल के समीप लगभग हजार साल पुराने प्राचीन शिव मंदिर खेड़ला किला में महादेव के गर्भगृह को 24 घंटे के लिए पानी से भर दिया गया है। किसानों के लिए बारिश का लंबा इंतजार करना अब चिंता का विषय बनता जा रहा है। ऐसे में लोग भगवान की शरण में पहुंचकर बारिश के लिए मिन्नतें कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें.. Mawsynram : यह है वो जगह जहां मात्र 24 घंटे में हो गई 1003.6 मिलीमीटर बारिश, बाकी जगह साल भर में भी नहीं होती
स्थानीय लोगों की मान्यता है कि सदियों से बारिश ना होने की स्थिति में उनके पूर्वज शिवजी का इसी तरह से जलाभिषेक करते थे। जिससे बारिश हो जाती थी। शिवभक्त बबलू वर्मा ने बताया कि रविवार को शिव मंदिर खेड़ला किला में भगवान भोलेनाथ का जलाअभिषेक आसपास के ग्रामीणों द्वारा किया गया। शिव भक्तों द्वारा गुंडियों में पानी भरकर शिवलिंग पर चढ़ाया गया और भगवान शिव की पूजा अर्चना की। देखें वीडियो…
शिवलिंग जलमग्न होने के बाद 24 घंटे के लिए गर्भ गृह को बंद कर दिया गया था। ऐसी मान्यता है कि शिवलिंग को जलमग्न करने से अच्छी बारिश होती है। इसके साथ ही 24 घंटे का श्री राम नाम का जाप किया जा रहा है। जिसका आज समापन होगा एवं पूजा-अर्चना, प्रसादी के बाद गर्भ गृह खोल दिया जाएगा।
यह भी पढ़ें... जिले के कई क्षेत्रों में बारिश के साथ बरसे ओले, लग गया ढेर



