रात के अंधेरे में ट्रैक्टर-ट्रॉली से हो रहा था कोयले का अवैध परिवहन

शाहपुर पुलिस ने अवैध रूप से कोयला परिवहन कर रही एक ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़ी है। पुलिस ने बताया कि 26 फरवरी को रात्रि में सूचना मिली थी कि ग्राम सिलपटी से चोपना रोड के कच्चे मार्ग पर एक ट्रैक्टर-ट्राली द्वारा अवैध उत्खनन कर चोरी करके कोयला ले जाया जा रहा है।
इस सूचना पर तस्दीक हेतु थाना शाहपुर के स्टाफ से प्रधान आरक्षक इशत्याक, आरक्षक मोहित भाटी और प्रवेश के साथ थाना प्रभारी शिवनारायण मुक्ति उक्त स्थान पर पहुंचे। वहां देखा कि एक ट्रैक्टर-ट्राली में कोयला भर कर जा रहा था। जिसे पुलिस द्वारा घेराबंदी कर रोका गया।

उक्त कोयले के संबध में ड्राईवर से पूछताछ करने पर बताया कि ट्रैक्टर क्रमांक MP-48/A-2774 से तवा नदी से अवैध कोयला उत्खनन एवं चोरी करके भर कर ग्राम सिलपटी से चोपना रोड पर कच्चे रास्ते पर से स्वयं के ईट-भट्टे पर ले जाया जा रहा है।
ड्राइवर ने अपना नाम संदीप पिता मोहनलाल वर्मा (32) निवासी सोहागपुर ढाना का होना बताया। पुलिस द्वारा उक्त ट्रैक्टर ट्राली को जप्त कर ड्राइवर संदीप वर्मा को गिरफ्तार करके मय कोयले से भरी ट्रैक्टर ट्राली शाहपुर थाना लाई गई।
आरोपी ड्राईवर के खिलाफ धारा 379 आईपीसी, सार्वजनिक संपति नुकसान निवारण अधिनियम की धारा 3 के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया हैं। कार्यवाही में उप निरीक्षक एनके पाल, प्रधान आरक्षक इशत्याक, आरक्षक मोहित भाटी, आरक्षक प्रवेश राजवंशी की अहम भूमिका रही।



