भोजन पका रही थी महिला, तभी अचानक भभक गया गैस चूल्हा, गंभीर रूप से झुलसी; बालक को सांप ने डंसा, हादसे में युवक घायल

बैतूल। भोजन पकाते समय अचानक गैस चूल्हा के भभक जाने से एक महिला बुरी तरह आग में झुलस गई। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दूसरी ओर एक बालक को सांप ने डंस लिया। एक युवक सड़क हादसे में घायल हो गया है। इन सभी का इलाज चल रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार चिचोली ब्लॉक के हरन्या गांव में पिंकी पत्नी बबलू यादव (28) गैस पर खाना पका रही थी। इसी दौरान अचानक गैस चूल्हा भभक गया। इससे उसके कपड़े में आग लग गई जिससे हाथ, पेट, पीठ आग में झुलस गई है। घटना बुधवार शाम 6 बजे की है। इस पर परिजन महिला को तत्काल चिचोली अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने के कारण जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। जिला अस्पताल में महिला का उपचार किया जा रहा है।

कार से टकरा कर बाइक सवार घायल
बीती रात नेशनल हाईवे पर पाढर के पास कार से एक बाईक टकरा गई। जिसमें बाईक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को पाढर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जाता है कि बैतूल से सारनी जा रहे एक शिक्षक की कार पाढर के पास खड़ी थी। वहीं पलासपानी की तरफ से जीतू नाम का युवक पाढर की ओर आ रहा था। खड़ी कार से उसकी बाईक टकरा गई। जिससे वह घायल हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल को पाढर अस्पताल में भर्ती कराया है।

खेल रहे बच्चे को सांप ने डंसा
इधर कोलगांव के पास स्थित ग्राम मूचगोहान में चार वर्षीय बालक हर्ष पिता वासुदेव वाडिवा को खेलते समय सांप ने डंस लिया। इसकी जानकारी लगते ही परिजन तत्काल बच्चे को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे और भर्ती कराया। यहां बच्चे का उपचार किया जा रहा है।



