‘बड़े दिल वाले’ फिर आए आगे: आग में सब कुछ गवां बैठे परिवार को मुहैया कराया राशन, कपड़े और रुपए
‘
बैतूल को ‘बड़े दिल वालों’ का शहर यूं ही नहीं कहा जाता। जब भी, जहां भी सेवा और सहयोग की जरुरत होती है, यहां के यह ‘बड़े दिल वाले’ नि:स्वार्थ भाव से मदद के लिए हाथ बढ़ाते हैं। इस बार यह पिछले दिनों आग में अपना सब कुछ गवां चुके एक परिवार के लिए सहारा बने। इस परिवार को राशन, कपड़े और नकद राशि उपलब्ध करा कर एक बड़ी मदद की गई।
धार्मिक कार्यक्रमों के अलावा शहर की मरही माता सेवा समिति सामाजिक कार्यों में भी हमेशा अग्रिम पंक्ति में खड़ी नजर आती है। चाहे वो फिर गरीब मरीज़ों की सहायतार्थ रक्तदान कार्यक्रम हो या फिर किसी दीन दुखी की मदद करना हो।
बीते 6 अप्रैल को गौठाना निवासी मंगल मनोटे का मकान आगजनी की भेंट चढ़ गया। आग ने ऐसा विकराल रूप दिखाया कि मंगल की 3 कमरों में बसी बसाई गृहस्थी पूरी की पूरी आग की भेंट चढ़ गई। दंपती और बच्चों के तन पर पहने हुए कपड़ो के अलावा सब कुछ स्वाहा हो गया।
fierce fire : मकान से उठ रही थी ऐसी लपटें कि देखने वाले भी दहल उठे, खैरियत थी कि भीतर नहीं था कोई
इसी दिन मरही माता मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा समारोह का भंडारा भी चल रहा था। दूसरे दिन जैसे ही इस घटना की जानकारी समिति के सदस्यों को लगी, वैसे ही तत्काल बैठक बुलाई गई और पीड़ित परिवार की मदद पर चर्चा की गई। शुक्रवार रात 12 बजे से समिति के सदस्य गौठाना पहुंचे और पीड़ित परिवार से उनके हाल चाल पूछे।
समिति द्वारा मनोटे परिवार को 15 दिन का राशन उपलब्ध कराए जाने के साथ-साथ कपड़े और नकद राशि भी उपलब्ध कराई गई है। जिसके बाद पीड़ित परिवार ने समिति का आभार व्यक्त किया। मंगल ने बताया कि वह रेडीमेड कपड़े की दुकान में काम करता है। उसकी पत्नी भी सब्जी भाजी की दुकान चलाती है।
उस दिन घर में ऐसी आग भड़की कि घर में रखा हुआ अनाज, कपड़े, बिस्तर, टीवी, फ्रिज सहित सब कुछ जल कर खाक हो गया। घटना के समय घर में ताला लगा हुआ था। मरही माता सेवा समिति ने सर्व सामाजिक संगठनों और नागरिकों से अपील की है कि पीड़ित परिवार की जितनी मदद हो सके, की जाएं ताकि एक गरीब परिवार की फिर से गृहस्थी बस जाए।
समिति ने सहयोगियों का माना आभार
हाल ही में थाना रोड कोठी बाजार स्थित मरही माता दरबार में माता रानी की प्राण प्रतिष्ठा समारोह हर्सोल्लास से सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में मंदिर निर्माण से लेकर प्राण प्रतिष्ठा समारोह तक श्रधालुओं ने समिति का हर तरह से सहयोग किया। कार्यक्रम के सफल समापन के बाद समिति के अध्यक्ष राजेश्वर सोनकपुरिया, सचिव पवन शर्मा, कोषाध्यक्ष ओम द्विवेदी, उपाध्यक्ष ओम पुरोहित, वरिष्ठ सहसचिव बसंत सोनकपुरिया, सदस्य मंटू उपासे, कमलेश चौहान, रजनीश मंगू सोनी, राजा सोनकपुरिया, अमन सोनकपुरिया, आदर्श सोनकपुरिया, सुट्टू चौहान, समीर श्रीवास, गज्जू दत्त, गज्जू यादव, चेतन गिरी सहित समिति के महिला मंडल ने उन सभी सहयोगियों के आभार व्यक्त किया है जिन्होंने माता रानी की प्राण प्रतिष्ठा समारोह में प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से अपना अमूल्य सहयोग समिति को प्रदान किया।



