बड़ी खबरेंदेश/विदेशब्रेकिंग न्यूज

बड़ी खबर : केंद्र सरकार दस लाख कर्मचारियों की भर्ती के लिए शुरू करेगी अभियान, 22 अक्टूबर को पीएम करेंगे शुभारंभ

केंद्र द्वारा जल्द ही 10 लाख कर्मचारियों की भर्ती करने के लिए अभियान चलाया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 22 अक्टूबर को सुबह 11 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए इस भर्ती अभियान (रोजगार मेला) का शुभारंभ करेंगे। समारोह के दौरान 75,000 नवनियुक्त कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र भी सौंपे जाएंगे। इस अवसर पर प्रधानमंत्री इन नवनियुक्त कर्मियों को संबोधित भी करेंगे।

युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान करने और नागरिकों का कल्याण सुनिश्चित करने की प्रधानमंत्री की निरंतर प्रतिबद्धता को पूरा करने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम होगा। प्रधानमंत्री के निर्देशानुसार, सभी मंत्रालय और विभाग मिशन मोड में स्वीकृत पदों की मौजूदा रिक्तियों को भरने की दिशा में काम कर रहे हैं।

देश भर से चयनित नए कर्मियों को भारत सरकार के 38 मंत्रालयों एवं विभागों में नियुक्त किया जाएगा। नवनियुक्त कर्मी विभिन्न स्तरों पर सरकार में शामिल होंगे, जैसे समूह-ए, समूह-बी (राजपत्रित), समूह-बी (अराजपत्रित) और समूह-सी। जिन पदों पर नियुक्तियां की जा रही हैं, उनमें केंद्रीय सशस्त्र बल कार्मिक, उप निरीक्षक, कांस्टेबल, एलडीसी, स्टेनो, पीए, आयकर निरीक्षक, एमटीएस तथा अन्य शामिल हैं।

ये भर्तियां, मंत्रालयों और विभागों द्वारा मिशन मोड में या तो स्वयं या यूपीएससी, एसएससी, रेलवे भर्ती बोर्ड जैसी भर्ती एजेंसियों के माध्यम से की जा रही हैं। शीघ्र भर्ती के लिए, चयन प्रक्रियाओं को सरल और तकनीकी रूप से सक्षम बनाया गया है। यह सभी पद भरने के बाद नौकरी का इंतजार कर रहे अधिकांश युवाओं का इंतजार खत्म हो जाएगा।

गौरतलब है कि हाल ही में मध्यप्रदेश में भी प्रदेश सरकार द्वारा विभिन्न विभागों में रिक्त पड़े लगभग एक लाख पदों पर भर्ती के लिए अभियान चलाया जा रहा है। कुछ विभागों द्वारा भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी गई है वहीं कुछ विभागों द्वारा जल्द ही प्रक्रिया शुरू की जाएगी। केंद्र और राज्य, दोनों ही सरकारों द्वारा युवाओं के लिए भर्ती शुरू किए जाने से युवाओं को खासी राहत मिल सकेगी।

उत्तम मालवीय

मैं इस न्यूज वेबसाइट का ऑनर और एडिटर हूं। वर्ष 2001 से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। सागर यूनिवर्सिटी से एमजेसी (मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन) की डिग्री प्राप्त की है। नवभारत भोपाल से अपने करियर की शुरुआत करने के बाद दैनिक जागरण भोपाल, राज एक्सप्रेस भोपाल, नईदुनिया और जागरण समूह के समाचार पत्र 'नवदुनिया' भोपाल में वर्षों तक सेवाएं दी। अब इस न्यूज वेबसाइट "Betul Update" का संचालन कर रहा हूं। मुझे उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए प्रतिष्ठित सरोजिनी नायडू पुरस्कार प्राप्त करने का सौभाग्य भी नवदुनिया समाचार पत्र में कार्यरत रहते हुए प्राप्त हो चुका है।

Related Articles

Back to top button