Badh me baha tractor : अब नदी में बही ट्रैक्टर ट्रॉली, एक किलोमीटर दूर मिली, चालक को ग्रामीणों ने बचाया, रोक टोक के लिए नदियों पर नहीं कोई मौजूद
• निखिल सोनी, आठनेर
बैतूल जिले में रिकॉर्ड बारिश हो रही है। लगातार हो रही झमाझम बारिश के बीच नदी-नाले उफान पर हैं। इस बीच आए दिन लोगों के बहने की घटनाएं भी हो रही हैं। बावजूद इसके नदी-नालों पर बाढ़ के दौरान पार करने से रोकने के लिए कोई मौजूद नहीं रह रहा है। वहीं लोग भी खुद अपनी जान से खिलवाड़ करने से जरा भी नहीं चूक रहे हैं। यही कारण है कि ऐसे हादसों का सिलसिला भी लगातार जारी है।
ऐसी ही एक और घटना आठनेर थाना क्षेत्र के ग्राम चिखली माल गांव के पास रविवार को और घट गई। बताया जाता है कि गांव के पास स्थित नदी (जिसे ग्रामीण बड़ी नदी कहते हैं) में एक ग्रामीण की ट्रैक्टर-ट्रॉली बह गई। नदी पूरे उफान पर थी। उसी बीच चालक ने नदी पार करने का प्रयास किया। इस दौरान पानी के तेज बहाव में ट्रैक्टर ट्राली बह गई। देखें वीडियो…
यह देख किनारे खड़े लोगों ने चालक को तो बहा लिया, लेकिन ट्रैक्टर ट्राली तेज बहाव में बह गई। ग्राम के रमेश उईके के मुताबिक बड़ी संख्या में पहुंचे ग्रामीणों ने ट्रैक्टर ट्राली को रस्से से बांधकर रोकने की कोशिश की, लेकिन उनकी कोशिश सफल नहीं हुई। बाद में करीब एक किलोमीटर दूर ट्रैक्टर ट्राली मिली।



